सिंधिया ने किया 132 केव्ही जीआईएस विद्युत उपकेन्द्र का भूमि पूजन और पट्टों का किया वितरण
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने फूलबाग पर मध्य प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कम्पनी लिमिटेड द्वारा 112 करोड़ की लागत से बनाये जा रहे 132 केव्ही जीआईएस (गैस इंसुलेटेड स्वीच गियर सब-स्टेशन) विद्युत उपकेन्द्र की आधारशिला रखी। इसके बाद हजीरा स्थित इंटक मैदान में आयोजित हुए कार्यक्रम में जेसी मिल के श्रमिकों को आवासीय पट्टे वितरित किये। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जेसी मिल श्रमिकों के हित में सरकार जो संकल्प लिया था आज वह पूरा होने जा रहा है। जेसी मिल के 710 श्रमिकों को खुद के मकान का मालिकाना हक देने की शुरूआत हुई है।
इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि जेसी मिल के बंद होने के बाद बिरलानगर क्षेत्र की विभिन्न आवासीय लाइनों में जो श्रमिक निवासरत हैं, उनमें हमेशा घर से बेदखल होने का भय समाया रहता था। मिल बंद होने से रोजगार तो गया ही साथ ही घर भी चला गया तो बच्चों के साथ कहां जाएंगे। श्रमिकों की यह चिंता दूर करने के लिए जो वादा किया गया था उसे सरकार पूरा कर रही है। श्रमिकों को घर का मालिकाना हक दिलाने के लिए लगभग एक हजार अवासीय पट्टों का वितरण किया जाएगा।
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि शहर में 132 केव्ही जीआईएस विद्युत उपकेन्द्र के रूप में नया आयाम जुड़ने जा रहा है। इस विद्युत सब स्टेशन से फूलबाग, हजीरा, सेवानगर, तानसेन नगर, लोहामंडी, कांचमिल, औद्योगिक क्षेत्र, तानसेन नगर, प्रेमनगर, आर.पी. कॉलोनी, किलागेट, पडाव, शिंदे की छावनी, गांधी नगर, सिटी सेंटर, कांति नगर, मानिक विलास कॉलोनी, बसंत विहार, माधव नगर, अनुपम नगर व चेतकपुरी क्षेत्र में निवासरत बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा। आगामी 25-30 वर्षों तक उच्च गुणवत्ता की विद्युत आपूर्ति इस विद्युत उप केन्द्र के निर्माण से सुनिश्चित होगी। इससे शहर के आर्थिक एवं औधोगिक विकास को गति मिलेगी। साथ ही जगह-जगह से गुजरने वाली 33 केव्ही की लाइनों की लंबाई कम होगी, वोल्टेज सही मिलेगा एवं ट्रिपिंग एवं अवरोध कम होगा।
श्री सिंधिया ने कहा कि लगभग 1180 करोड रूपये की लागत से एलिवेटेड रोड बनाई जा रही है। नया एयरपोर्ट बन रहा है, इसके साथ ही 1000 बिस्तर का भव्य अस्पताल बन चुका है। शहर में भव्य रेलवे स्टेशन बनने जा रहा है। सिविल अस्पताल हजीरा व मुरार अस्पताल का आधुनिकीकरण किया गया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक ग्वालियर के निर्माण के लिए सरकार हर संभव कदम उठा रही है। आगे चलकर पूरा मध्यप्रदेश ग्वालियर की तरफ देखेगा। उन्होंने सभी को ग्वालियर को स्वच्छता में प्रथम स्थान पर लाने के लिये स्वच्छता की शपथ भी इस अवसर पर दिलाई और नारा दिया हमारा ग्वायिलर स्वच्छ ग्वायिलर।
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि श्रमिकों से यह वादा किया गया था कि आपके ऊपर से छत नहीं छिनने देंगे, वह पूरी शिद्दत के साथ पूरा किया जा रहा है। मेरा प्रयास है कि 2023 में सभी श्रमिकों को उनका भुगतान भी हो जाए। आज लाइन नम्बर 1, 2, 3, 8 व असिस्टेंड लाइन के 181 श्रमिकों को पट्टे देने का कार्य किया जा रहा है। बाकी के पट्टे भी जल्द वितरित किए जायेंगे। इसके साथ ही कहा कि जो आवासीय लाइनें बचीं है उनके न्यायालयीन प्रकरण निपटते ही उनको भी पट्टे देने का कार्य किया जाएगा। साथ ही कहा कि आज फूलबाग पर प्रदेश के तीसरे 132 केव्ही जीआईएस तकनीक से बनाये जा रहे विद्युत उपकेन्द्र का भूमि पूजन किया गया है। इससे क्षेत्र की लगभग एक लाख आबादी को 30 वर्षों तक वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। विद्युत उपकेन्द्र तक मोनोपोल के द्वारा विद्युत लाइन पहुंचेगी। इसके साथ ही दो और विद्युत सब स्टेशन 132 केव्ही कंपू एवं 132 केव्ही बिलौआ में बनाये जाएगें। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर बदल रहा है और इस बदलते ग्वालियर में आप सभी का सहयोग जरूरी है। उपनगर ग्वालियर में शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में अतुलनीय कार्य हुआ है। क्षेत्र में दो सीएम राइज स्कूल बनने जा रहे हैं। इसके साथ ही स्वास्थ्य के क्षेत्र में सिविल अस्पताल, बिरला नगर प्रसूति ग्रह एवं संजीवनी क्लीनिक बनाई जा रही है। हमारा प्रयास है कि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को भी शिक्षा व स्वास्थ्य घर के नजदीक ही निशुल्क मिले। इसके साथ ही कहा कि एलिवेटेड रोड का कार्य प्रगति पर है। साथ ही ग्वालियर में पर्यटन बढ़े, इसके लिये किलागेट का चौडीकरण कर किलागेट को आकर्षण बनाया जा रहा है।
सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि विद्युत की समस्या हल करने के लिये सरकार द्वारा सराहनीय कार्य किया जा रहा है। सरकार द्वारा नये-नये विद्युत सब स्टेशन बनाये जा रहे हैं। जिससे वोल्टेज की समस्या के साथ ही ट्रिपिंग की समस्या से निजाद मिलेगी। इसके साथ ही आज खुशी का दिन है कि जेसी मिल के श्रमिकों को पट्टे देने के कार्य की शुरूआत इंटक मैदान से हुई है।
मंच से इन्हें सौंपे गए पट्टे
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया एवं अन्य अतिथियों द्वारा मंच से प्रतीक स्वरूप 11 लोगों को पट्टे सौंपे गए। जिसमें लाइन नम्बर 2 के श्री दशरथ सिंह भदौरिया, श्री नरेन्द्र पाल, लाइन नम्बर-1 की श्रीमती ऊषा, श्रीमती प्रेमादेवी, श्री शिव प्रताप सिंह, श्री प्रवीण कुमार गोयल, लाइन नम्बर 8 के श्री राजेश दुबे, श्री रामस्वदेश सिंह चौहान, असिस्टेंट लाइन के श्री नरेन्द्र सिंह राजपूत, श्री अनूप पचौरी, श्री गजेन्द्र सिंह सिकरवार शामिल हैं। इसके साथ ही तीन लोगों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी सौंपी गई। अन्य योजनाओं से भी हितलाभ वितरित किए गए।
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में राज्य मंत्री श्री सुरेश राठखेडा, बीज निगम के अध्यक्ष श्री मुन्नालाल गोयल, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी, ग्रामीण जिलाध्यक्ष श्री कौशल शर्मा, नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री वेदप्रकाश शर्मा, श्री अशोक शर्मा, श्री ओमप्रकाश शेखावत, श्रीमती मीना संचान, मंडल अध्यक्ष श्री प्रयाग तोमर, श्री बृजमोहन शर्मा, श्री मनमोहन पाठक, प्रमुख सचिव ऊर्जा विभाग श्री संजय दुबे, प्रबंध संचालक ट्रांसमीशन कंपनी ऊर्जा विभाग श्री सुनील तिवारी, जिला उपाध्यक्ष श्री दीपक शर्मा, श्री केशव मांझी, जिला महामंत्री श्री राजू सेंगर, श्री धमेन्द्र तोमर, पार्षद श्रीमती मीरा मानसिंह राजपूत, श्रीमती अनीता गुड्डू रत्नाकर, श्रीमती अंजना हरीबाबू शिवहरे, श्रीमती रेखा चंदन राय, श्रीमती मंजू दिग्विजय सिंह राजपूत, श्री विवेक सोनू त्रिपाठी, श्रीमती ज्योति दिनेश सिकरवार, सुश्री भावना कन्नौजिया, श्री मनोज यादव, मुख्य अभियंता ट्रांसमीशन कंपनी ऊर्जा विभाग श्री दीपक जोशी, मुख्य महाप्रबंधक ऊर्जा विभाग श्री राजीव गुप्ता, अधीक्षण यंत्री श्री अरविन्द्र शर्मा, महाप्रबंधक श्री नितिन मांगलिक, अति. मुख्य अभियंता श्री ए.बी.गुप्ता, अति.मुख्य अभियंता, श्री एस.एस.दुबे, अधीक्षण यंत्री श्री एस.एस.गुप्ता सहित बडी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।