Home > राज्यो से ,
परिवहन मंत्री पर जमीन हड़पकर स्कूल बनाने का आरोप ,मंत्री बोले, मेरी छवि खराब करने का षड्यंत्र

ससुराल की ओर से दान में मिली 50 एकड़ जमीन के विवाद के बाद अब मध्यप्रदेश सरकार के परिवहन एवं राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत एक दूसरे विवाद में घिर गए हैं। उन पर एक किसान की जमीन हड़प कर वहां कैम्ब्रिज स्कूल बनाने का आरोप लगा है। इधर जमीन का मालिक 6 साल से लापता है। मंत्री पर आरोप लगाने वाले जमीन मालिक के बेटे सीताराम पटेल ने पिता की गुमशुदगी को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई है। साथ ही एक वीडियो जारी करते हुए परिवहन मंत्री से खुद की जान को खतरा भी बताया।

सागर के तिली वार्ड निवासी सीताराम पटेल ने वीडियो में कहा- हमारी जमीन (खसरा नंबर 174/17) गोविंद सिंह राजपूत ने अपने नाम करा ली है। इस जमीन पर स्कूल भी बना लिया है। पिता मानसिंह पटेल ने जमीन का केस तहसीलदार कोर्ट में लगाया था। केस लगने के बाद मंत्री ने 22 अगस्त 2016 को पिता को घर पर बुलाया था। इसके बाद से पिता लौटकर घर नहीं आए।

सीताराम ने आगे बताया, 26 अगस्त 2016 को सिविल लाइन थाना सागर में पिता की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तब से अब तक पिता का कोई पता नहीं चला है। मुझे आशंका है कि मंत्री राजपूत ने पिता के साथ कुछ गलत करवा दिया होगा, इसलिए पिताजी लौटकर नहीं आए। अब मैं इस मामले में शिकायत कर रहा हूं। इसके बाद मेरी और मेरे परिवार की जान को भी खतरा हो सकता है। यदि मुझे और मेरे परिवार को कुछ होता है, तो उसका जिम्मेदार मंत्री राजपूत का पूरा परिवार होगा।

जान लेते हैं क्या है पूरा मामला
बात 2016 की है। उत्तम सिंह पटेल व मान सिंह पटेल पिता गौरीशंकर के नाम खसरा नंबर 174/19 रकबा 0.328 हेक्टेयर जमीन थी। साल 2011-12 में ये जमीन गोविंद सिंह राजपूत निवासी क्रिश्चन कॉलोनी के नाम पर बगैर किसी आदेश के दर्ज हो गई। जमीन 2016-17 तक उनके ही नाम पर रही। मामला सामने आते ही मान सिंह पटेल ने तहसीलदार कोर्ट में केस लगाया। इसके बाद सुनवाई हुई।

तहसीलदार कोर्ट में गोविंद सिंह राजपूत ने जमीन अपने नाम पर होने के जवाब में लिखित में कहा था- जमीन मेरे नाम पर कैसे दर्ज हुई? मुझे पता नहीं है। जमीन से मेरा नाम अलग कर शिकायतकर्ता (मान सिंह पटेल) का नाम दर्ज करने में मुझे कोई आपत्ति नहीं है। इसके बाद तहसीलदार कोर्ट ने आदेश में कहा था कि टाइपिंग में गलती के कारण जमीन गोविंद सिंह राजपूत के नाम पर दर्ज हो गई थी।

सुनवाई के बाद खसरा नंबर 174/19 की जमीन को वापस दोनों भाई उत्तम सिंह व मान सिंह के नाम पर कर दी गई। इसी बीच अचानक मान सिंह पटेल गायब हो गए। परिवार वालों ने खूब तलाश किया, लेकिन वो नहीं मिले। 26 अगस्त 2016 को पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। अब तक मान सिंह पटेल का कोई पता नहीं चला है।इस बारे में  परिवहन एवं राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने  कहा कि जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वे निराधार हैं। पुराने कांग्रेस के लोगों और व्यक्तिगत विरोधी मेरी छवि खराब करने का षड्यंत्र कर रहे है। यह मामला 2016 का है। उस समय एक जमीन मेरे नाम पर धोखे से दर्ज हो गई थी। मैंने तहसीलदार कोर्ट में आवेदन दिया था। कहा था कि जमीन के नाम में सुधार किया जाए। इसके बाद तहसीलदार कोर्ट ने जमीन को मान सिंह, उत्तम सिंह के नाम पर दर्ज कराने का आदेश किया था। उसी जमीन पर वे दोनों भाई रह रहे हैं। स्कूल अलग खसरा नंबर पर बना है। स्कूल का इससे कोई लेना-देना नहीं है। जब हमारा उससे कोई झगड़ा नहीं है, न हमने जमीन खरीदी है और न बेची है, तो उसके पिताजी कहां हैं? वो जाने।

Share This News :