मुख्यमंत्री बोले नहीं ले रहा हूँ रिटायरमेंट ,फिर बनेगी सरकार
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अब सरकार का आखिरी बजट पेश करने की तैयारी कर रहे हैं। इसी साल चुनाव होने हैं, इस लिहाज से इस बजट को वे खुद गेम चेंजर मान रहे हैं।
मुख्यमंत्री गहलोत से विधानसभा चुनाव 2023, सीएम फेस, भारत जोड़ो यात्रा, पेपर लीक, फ्री मोबाइल, 500 रुपए में गैस सिलेंडर, किसान कर्जमाफी सहित कई मुद्दों को लेकर बात की।
गहलोत ने दावा किया- राजस्थान में इस बार कांग्रेस 30 साल पुराना इतिहास बदलेगी, क्योंकि इस बार एंटी-इनकम्बेंसी नहीं प्रो-इनकम्बेंसी है। इसी का सबूत है 9 उपचुनाव, जिनमें 7 में कांग्रेस ने जीत हासिल की। वहीं, उन्होंने साफ कर दिया है कि फिलहाल राजनीति से रिटायरमेंट लेने का उनका कोई इरादा नहीं है।
पढ़िए पूरा इंटरव्यू…
सवाल : भारत जोड़ो यात्रा खत्म हो गई है, अब सरकार का अगले एक साल सबसे ज्यादा फोकस किस बात पर है?
गहलोत : राजस्थान में करीब 550 किलोमीटर की यात्रा निकली, कहीं पर भी एंटी इनकम्बेंसी जैसा माहौल देखने को नहीं मिला। यह दिखाता है कि प्रदेश की जनता सरकार के साथ है। हमारा फोकस इस चुनाव में पिछली बार से अधिक सीटें लाकर सरकार रिपीट करने का है। राजस्थान में सरकार रिपीट होने जा रही है।
सवाल : आपको क्यों लगता है कि कांग्रेस पिछले 25-30 साल पुरानी परंपरा को तोड़कर इस बार सरकार रिपीट करेगी?
गहलोत : राजस्थान में 1993 के बाद से न तो कांग्रेस और न ही भाजपा रिपीट कर पाई है, लेकिन हर बार एक अंतर रहा है, कांग्रेस की सरकार जाने के बाद जनता के मन में छह महीने बाद ही ये भाव आ जाता है कि सरकार तो अशोक गहलोत की ही अच्छी थी। इसलिए 2013 में भाजपा की सरकार बनने के बाद हुए 8 उपचुनावों में से 6 में भाजपा हारी थी क्योंकि लोग उनकी नीतियां समझ गए थे।
हमारी योजनाओं से इस बार जनता बहुत खुश है। इस बार जनता के मन में कोई एंटी-इनकम्बेंसी न होकर प्रो-इनकम्बेंसी है। यही कारण है कि हम 9 में से 7 उपचुनाव जीते हैं। बीजेपी सिर्फ एक उपचुनाव जीत सकी और उसमें भी जीत का अंतर मामूली रहा।