Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
कांग्रेस ने दिया 'नया साल-नई सरकार' नारा:पोस्टर्स में कमलनाथ को बताया भावी मुख्यमंत्री

साल 2022 की विदाई हो रही है। नए साल 2023 का आगाज होने जा रहा है। इसी साल मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव होने है। ऐसे में नए साल के मौके पर कांग्रेस ने नया नारा दिया - 'नया साल - नई सरकार'। कांग्रेस ने राजधानी भोपाल में जगह जगह नए नारे के होर्डिंग और पोस्टर्स चस्पा किए है। इनमें कमलनाथ के फोटो है, जिन्हें भावी मुख्यमंत्री लिखा गया है। कांग्रेस के इन पोस्टर्स पर राजनीति भी गरमा गई है। बीजेपी ने इस पर पलटवार किया है।

कांग्रेस ने भोपाल के अलावा ग्वालियर समेत कई शहरों में पोस्टर लगाए गए हैं। भोपाल में तो प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने की सड़क इन पोस्टर्स से पट गई है। कुछ पोस्टर्स पर 'छंटेगा अब अंधकार, आ रही है कमलनाथ सरकार'... जैसे नारे लिखे हैं। कांग्रेस का दावा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में हम 150 सीटें जीतेंगे। इस पर BJP ने पलटवार किया है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने इसे ख्याली पुलाव बताया है।

2018 में कमलनाथ बने थे मुख्यमंत्री

साल 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 114 सीटें मिली, बीजेपी को 109 सीट, 2 सीट बसपा और 1 सीट सपा के खाते में आई थी, जबकि 4 सीटों पर निर्दलीय जीते। सबसे अहम बात ये थी कि बीजेपी को कांग्रेस से ज्यादा वोट मिले थे, लेकिन सीटों के आंकड़े में कांग्रेस आगे थी। बसपा, सपा और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से कांग्रेस ने सरकार बनाई थी। कमलनाथ मुख्यमंत्री बने थे। लेकिन उनकी सरकार 16 महीने की चल पाई। सिंधिया के साथ 22 विधायकों ने कांग्रेस से नाता तोड़कर विधायकी से इस्तीफा दे दिया था, जिससे कमलनाथ सरकार अल्पमत में आ गई थी और उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था।

कर्मचारी, किसान और युवाओं को साधने की कोशिश
विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस मैदान में उतर गई है। प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ वादा कर चुके हैं कि कांग्रेस की सरकार बनते ही पुरानी पेंशन बहाल करेंगे। संविदा कर्मचारियों को नियमित करेंगे और आउटसोर्स कर्मचारियों को भी नियमित किया जाएगा। युवाओं के लिए सरकारी नौकरी के दरवाजे खोले जाएंगे और किसानों की कर्जमाफी होगी।

पोस्टरों में लिखे ये नारे
पोस्टरों में कई नारे लिखे हैं। जैसे- 'नया साल, नई सरकार' , 'छंटेगा अब अंधकार, आ रही है कमलनाथ सरकार' और 'कल को देने सुनहरा आकार, आ रही है कमलनाथ सरकार'...आदि नारे शामिल हैं।

राहुल गांधी बोले- मध्यप्रदेश में जीतेगी कांग्रेस
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को भारत जोड़ो यात्रा में 9वीं प्रेस कॉन्फ्रेंस की। नई दिल्ली में उन्होंने मध्यप्रदेश का भी जिक्र किया। राहुल ने दावा करते हुए कहा- मैं आपको एक बात लिखकर देता हूं कि कांग्रेस मध्यप्रदेश के चुनाव को जीतेगी। भाजपा वहां दिखाई नहीं देगी। मध्यप्रदेश में तूफान आया हुआ है और वहां हर कोई जानता है कि भाजपा ने वहां पैसा देकर सरकार बनाई है। पूरा प्रदेश गुस्से में है। प्रदेश में 2023 में विधानसभा चुनाव होने हैं।

Share This News :