Home > राज्यो से ,
पांच दिन तक घना कोहरा, 31 दिसंबर से माइनस में पारा

देश के ज्यादातर हिस्सों में सर्दी बढ़ रही है। पश्चिमी राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए मौसम विभाग ने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। यहां अगले पांच दिन तक घना कोहरा छाए रहने के आसार है। इससे फ्लाइट और ट्रेनें कैंसिल और डिले होने का भी खतरा है। मौसम विभाग के मुताबिक इन राज्यों के कई हिस्सों में 31 दिसंबर से 4 जनवरी तक सीजन के सबसे सर्द दिन हो सकते हैं। यहां पारा माइनस में पहुंच सकता है।

इधर, असम के चार जिले तिनसुकिया, डिब्रूगढ़, चराइदेव और शिवसागर में भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई है। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार इन चार जिलों के 132 गांवों की लगभग 18,000 आबादी प्रभावित हुई है। 4481 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए और 2 घर पूरी तरह से गिर गए हैं।

वहीं, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी UP में रात का तापमान 1 से 4 डिग्री के बीच रहेगा। उधर, मध्य प्रदेश में 28 और 29 दिसंबर को बहुत ज्यादा ठंड होगी, लेकिन उसके बाद मौसम सामान्य होने की संभावना है। इधर, घने कोहरे के कारण पश्चिम बंगाल के बागडोरा एयरपोर्ट से विस्तारा, इंडिगो और स्पाइसजेट की तीन फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है, जबकि कई अन्य देरी से चल रही हैं। बागडोरा एयरपोर्ट के डायरेक्टर मोहम्मद अली ने बताया कि यात्रियों के लिए जरूरी अरेंजमेंट कराए जा रहे हैं।

मध्य प्रदेश में पहाड़ों से आई बर्फीली हवा और उत्तरी इलाके से आई सर्द हवा के कारण शहर में ठंड और बढ़ गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह ठंड सिर्फ दो दिन यानी 28 और 29 दिसंबर की है। फिर 30, 31 दिसंबर को तापमान थोड़ा बढ़ सकता है। एक जनवरी से फिर तेज ठंड का दौर आने की संभावना है।

नए साल में पहले या दूसरे दिन कोहरा भी छाने के आसार भी हैं। इधर, सोमवार को शहर में रात के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। यह 11.5 डिग्री दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में इसमें सिर्फ 0.1 डिग्री की कमी आई। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि रात 11:30 बजे से सुबह 5 बजे तक पारा 11.5 डिग्री पर बना रहा। बादल छाने के कारण इसमें बदलाव नहीं हुआ। दिन का तापमान 23.8 डिग्री रहा।

Share This News :