Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
शिवराज के सामने अड़ीं साधना, बोलीं- मैं पहाड़ चढ़कर जाऊंगी:मुख्यमंत्री ने बताया पत्नी की जिद का किस्सा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विज्ञान और अध्यात्म को जोड़ते हुए पत्नी साधना सिंह चौहान की जिद का किस्सा सुनाया। उन्होंने कहा कि घुटनों में दर्द के बावजूद साधना सिंह पहाड़ चढ़ गईं। शिवराज बोले- मेरे मना करने पर पत्नी ने कहा- मैं तो जाऊंगी और त्रिशूल गढ़ाकर आऊंगी। ये सब इच्छाशक्ति से ही संभव है। शिवराज सिंह ने सोमवार को प्रशासन अकादमी में आयोजित कार्यक्रम में मप्र विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति 2022 का विमोचन किया।

CM ने बताया- कैसे मिलती है एनर्जी
कार्यक्रम में सीएम शिवराज ने कहा- मौजूद वक्ता मेरे एनर्जी लेवल के बारे में कह रहे थे। ये बात सही है। उन्होंने कहा कि मैं कल के बारे में बताता हूं। कई जगह दौरा करते हुए ग्वालियर से दिल्ली पहुंच गया। कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन की बैठक, खेलो इंडिया यूथ गेम्स की बैठक में होकर यहां आ गया। अभी और भी बैठकें हैं। लोग सोचते हैं कि ये कैसे कर लेते हैं। ये भी विज्ञान है। अगर आपके अंदर कुछ करने की इच्छाशक्ति है, तो आपके भीतर से वैसे ही रसायन निकलने लगते हैं।

सीएम ने सुनाई पत्नी की जिद की कहानी
आप वैष्णो देवी श्रद्धा से भर कर जाते हैं, 14 किलोमीटर का पहाड़ चढ़ जाते हैं। छोटे बच्चे भी पहाड़ चढ़ते देखे हैं। मैं सच्ची घटना सुनाता हूं। आज यानि सोमवार को मेरी श्रीमती जी (साधना सिंह) पचमढ़ी गईं। वहां से उनकी इच्छा हुई कि चौरागढ़ जाना है। आप तो जानते हैं कि पचमढ़ी में चौरागढ़ कितना ऊपर है। कई किलोमीटर खड़ी सीढ़ियां हैं। मैं दिल्ली से फोन पर कह रहा था कि मत जाना, घुटने में दर्द होता है तुम्हारे। वो तो अड़ गईं। बोलीं- मैं तो जाऊंगी और त्रिशूल गढ़ाकर आऊंगी। घुटने का दर्द पता ही नहीं चला। बाद में मुझे फोन कर कहा- मैं तो चढ़ गई। वैसे, अगर कोई कह दे कि आधा किलोमीटर यहां से पैदल चले जाओ, तो कोई जाएगा क्या? अगर अंदर इच्छाशक्ति है, तो आप पहाड़ भी चढ़ सकते हैं।

ये कहां से पैदा होता है। अपने आप वो रसायन उत्पन्न होते हैं, जो आपको बड़े से बड़ा काम करने की क्षमता देते हैं। योग, प्राणायाम, ध्यान और अध्यात्म ये विशुद्ध साइंस है, इसलिए मैं कहता हूं कि विज्ञान और अध्यात्म एक-दूसरे को काटते नहीं हैं, बल्कि गहराई में देखें, तो ये दोनों एक-दूसरे का समर्थन करते हैं।

Share This News :