सलूजा का ट्वीट- किसी ने बता दिया गजक का नाम कांग्रेस है, मंत्री जी ने कूट दिया
मध्यप्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर में गजक कूटी। उन्होंने गजक पर खूब हथौड़े चलाए। मंत्री के इस अंदाज पर हाल ही के दिनों में कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल हुए नरेंद्र सलूजा ने चुटकी ली।
सलूजा ने ट्वीट में कहा- मंत्री जी दौरे पर थे, किसी ने बता दिया कि गजक का नाम कांग्रेस है। बस क्या, मंत्री जी ने जमकर कूट दिया। तोमर भी कभी कांग्रेस में रहे हैं। 2020 में सिंधिया के BJP में जाने पर उन्होंने भी BJP जॉइन कर ली थी।ऊर्जा मंत्री अक्सर अपने कामों को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं। कभी हाथ से टॉयलेट साफ करने को लेकर, तो कभी नाले में उतरकर सफाई करने के लिए। तीन महीने पहले ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अपने ही क्षेत्र में सड़कें न बनवा पाने पर जनता से माफी मांगी और जूते-चप्पल त्याग दिए। तब से वे नंगे पैर ही हैं।
मंत्री प्रद्युम्न सिंह ने साथियों को खिलाई गजक
किलागेट पर टहलते समय ऊर्जा मंत्री एक घर में पहुंचे। यहां गजक बनाने के लिए कारीगर गजक कूट रहे थे। यह देखकर ऊर्जा मंत्री से रहा नहीं गया। पहले उन्होंने गजक बना रहे कारीगरों से बातचीत की और फिर उनका लकड़ी का हथौड़ा लेकर उनके साथ गजक बनाने में अपना योगदान दिया। अपने साथ आए लोगों को गजक भी खिलाई।
महिला से बोले- पहले पानी के लिए कैसे लड़ती थीं
मंत्री एक घर में पहुंचे। वहां महिला से बोले- समस्या दूर हो गई। पहले पानी के लिए कैसे लड़ती थीं। अब तो खुश हो। कितने साल से पानी की समस्या थी? महिला बोली- बहुत साल की, 25 साल की...। मंत्री ने फिर कहा कि 25 साल की पानी की समस्या दूर हो गई, खुश हो...। अब तो रोड भी सही हो गई।