5 बड़ी खबरें:CM के ऑन स्पॉट निलंबन आदेश पर हाईकोर्ट का स्टे, MP विधानसभा में गिरा विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नायक अवतार पर हाईकोर्ट ने रोक लगाते हुए उनके द्वारा दिए गए ऑन द स्पॉट निलंबन के आदेश को खारिज कर दिया है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद से राज्य सरकार में हड़कंप मच गया है। दरअसल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इन दोनों जहां भी सभा में जाते थे। उस दौरान जनता से मिली शिकायत के बाद अधिकारियों को निलंबन कर रहे थे। इसी की जद में बीते दिनों छिंदवाड़ा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीसी चौरसिया फंस गए थे। उन्होंने इसे हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
जबलपुर हाईकोर्ट ने चौरसिया को राहत देते हुए उनके सस्पेंशन पर रोक लगा दी है। इसके अलावा, हाईकोर्ट ने मध्य प्रदेश सरकार समेत अन्य को नोटिस भी जारी किया है। 9 दिसंबर को जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जन सेवा अभियान कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छिंदवाड़ा गए थे इस दौरान उन्होंने मंच से ही सीएमएचओ को सस्पेंड करने के आदेश दिए थे, जबकि इससे पहले 23 सितंबर को भी उन्होंने डॉ. जीसी चौरसिया को सस्पेंड किया था। निलंबित हुए CMHO को इससे पहले भी हाईकोर्ट से राहत मिल चुकी थी।
जबलपुर हाईकोर्ट में निलंबन को लेकर डॉ. जीएस चौरसिया ने याचिका दायर की थी। बताया था कि उन्हें दो बार सस्पेंड किया जा चुका है, जबकि उनके खिलाफ जांच नहीं हुई थी। इसके अलावा सीनियरिटी होने के बावजूद भी जूनियर अधिकारियों को CMHO का प्रभार दिया गया था।
MP विधानसभा में गिरा विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव
मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी बात रखी। अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग हुई और प्रस्ताव अस्वीकृत हो गया। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।
अविश्वास प्रस्ताव के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा, कमलनाथ सरकार में 165 दिन में 450 आईएएस और आईपीएस के ट्रांसफर किए। 15 हजार से ज्यादा तबादले किए गए। वल्लभ भवन दलालों का अड्डा बन गया था। सीएम के ओएसडी का जो वीडियो वायरल हुआ, उसके कारण भ्रष्टाचार की विष बेल ऐसी फैली कि पूरे मध्यप्रदेश में त्राहि-त्राहि मच गई।
अगर पूछ रहे तो मैं बताना चाहता हूं कि एक नहीं, कई मामले हैं। सिंचाई परियोजना में घोटाला किया गया। विधायकों को मिलने के लिए समय नहीं दिया जाता था। विधायकों से कहते थे चलो-चलो...। कोई बड़ा ठेकेदार आ जाए, तो उसे बैठाते थे। सीएम के भाषण पर विपक्ष ने सदन में हंगामा कर दिया। विपक्ष के हंगामे पर स्पीकर गिरीश गौतम ने कहा कि आप अविश्वास प्रस्ताव लाए, आरोप लगाए, अब सीएम को सुन तो लीजिए। स्पीकर ने कांग्रेस के सीनियर लीडर सज्जन सिंह वर्मा से कहा कि विपक्ष के विधायकों को नियंत्रित करें। सदन के नेता को बोलने का मौका दें।
इंदौर में रेसिडेंसी एरिया के ट्रैफिक पार्क में युवती से छेड़छाड़
इंदौर में लगातार हो रहे लव जेहाद की घटना के बीच रेसीडेंसी एरिया के ट्रैफिक पार्क से बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम युवक को पकड़ा है। यहां नाम पता पूछने पर उसने पहले खुद को हिंदू बताया। लेकिन बजरंग के सख्ती करने पर उसने अपना नाम बताया। इसके बाद बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उस पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में केस दर्ज किया है।
बजरंग दल के तन्नू शर्मा ने बताया कि जिला संयोजक जितेंद्र जादौन से सूचना मिली थी कि रेसीडेंसी एरिया में आने वाले ट्रैफिक पार्क में एक मुस्लिम युवक हिंदू युवती के साथ बैठा है। जो अश्लील हरकतें कर रहा है। सूचना के बाद यहां अन्य बजरंगियों के साथ पहुंचे। युवक से पूछताछ में उसने पहले अपना नाम अज्जू बताया। जब उससे आधार कार्ड ओर पहचान पत्र मांगा तो उसने बताने से इंकार कर दिया। बाद में बजरंग दल के लोगों ने मोबाइल लेकर उसके फोटो देखे।
वह फोटो में मस्जिद में नमाज पढ़ने के फोटो के साथ अन्य मस्जिदों व मजारों पर जाने के फोटो मिले। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना पूरा नाम अरबाज पुत्र शाहिद खान निवासी कन्नौद जिला देवास वर्तमान पता आजाद नगर बताया। अरबाज ने बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर अज्जू बनकर दोस्ती की थी। युवती से जब भी मिला उसे अपना असली नाम नहीं बताया। मामले में युवती माफी मांगने लगी। उसने बताया कि अरबाज से दोस्ती की बात परिवार को नहीं पता।
MP में पारे में उतार-चढ़ाव, दिसंबर के आखिरी में लुढ़केगा पारा
मध्यप्रदेश में ठंड फिर कंपकंपाने लगी है। उमरिया, नौगांव, ग्वालियर, पचमढ़ी, रायसेन में रात के पारे में गिरावट आई है। दिसंबर के आखिरी दिनों में पारा और भी नीचे लुढ़केगा। कुछ शहरों में हल्की बारिश होने का अनुमान भी है।
अभी ग्वालियर, महाकौशल, बुंदेलखंड और बघेलखंड में रातें अन्य शहरों के मुकाबले ज्यादा कंपाने वाली हो गई हैं। पारा साढ़े 5 से 10 डिग्री के बीच रहा है। उमरिया के अलावा ग्वालियर, पचमढ़ी, रायसेन, जबलपुर, खजुराहो, नौगांव, रीवा, सतना, सीधी, मालंजखंड में भी पारा काफी नीचे पहुंच गया है। इससे ठंड का असर है।
दूसरी ओर कई शहर ऐसे हैं, जहां पर पारे में उतार-चढ़ाव रहा। भोपाल में तापमान में बढ़ोतरी हो गई और पारा 13 डिग्री के आसपास रहा। गुना, इंदौर, खरगोन, राजगढ़, रतलाम आदि शहरों में भी पारे में बढ़ोतरी हुई। हालांकि, गुरुवार से पारे में गिरावट होने लगेगी।
मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि एक-दो दिन में एक बार फिर हल्के बादल आ सकते हैं। इससे रात का तापमान बढ़ सकता है। 25 दिसंबर तक तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
डिंडौरी में कुएं में लटका मिला एएसआई का शव
डिंडौरी जिले में गुरुवार को एक ASI का शव कुएं में लटका मिला। ASI रक्षित निरीक्षक केंद्र में पदस्थ था। उसका शव सिटी कोतवाली क्षेत्र के घानाघाट गांव से कुछ दूरी पर कुएं में लटका मिला है। सूचना मिलने पर SP संजय सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है।
मौके पर डॉग स्क्वायड बुलाकर जांच की जा रही है। पुलिस ने ASI भूरे सिंह के परिजनों को भी इसकी सूचना दी है। पुलिस अभी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। सिटी कोतवाली पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है। पुलिस के अनुसार जिस कुएं में शव मिला है ये कुआं एक खेत में बना हुआ है।