Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा ,गृहमंत्री ने कहा, नेता प्रतिपक्ष ढोर के डॉक्टर हैं

मध्यप्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन बुधवार को अविश्वास प्रस्ताव पर देर रात तक चर्चा जारी है। अब तक करीब 11 घंटे से ज्यादा चर्चा हो चुकी है। विधानसभा अध्यक्ष ने बाकी बचे सभी विधायकों को चर्चा के लिए 5-5 मिनट का समय तय किया है। इसके पहले चर्चा के दौरान कई मौके पर सदन में हंगामे के हालात बने। विपक्ष ने सरकार को घेरा, तो सत्ता पक्ष ने भी करारा जवाब जवाब दिया। संसदीय कार्यमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा है सीएम कल अपना वक्तव्य देंगे।

गृहमंत्री ने कहा, नेता प्रतिपक्ष ढोर के डॉक्टर हैं
नेता प्रतिपक्ष ने कहा- हमने अविश्वास प्रस्ताव में जो मुद्दे उठाए, उन पर जवाब देना चाहिए। लेकिन, गृहमंत्री जी विद्वान हैं। भाषण देने में माहिर हैं। ये कौन सी परंपरा है जब सत्तापक्ष पर विपक्ष आरोप लगाता है, तो सत्तापक्ष जवाब देता है। गोपाल भार्गव ने कहा- आपने आज क्या भाषण दिया, वो आपको खुद याद नहीं होगा। नरोत्तम ने व्यंगात्मक लहजे में कहा- नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर किन के हैं? ढोर के हैं।

कमलनाथ छिंदवाड़ा, तो गोविंद सिंह भिंड तक सीमित रहते हैं
नरोत्तम ने कहा- कांग्रेस के अध्यक्ष जब बोलते हैं, तो वे छिंदवाड़ा तक सीमित रहते हैं। नेता प्रतिपक्ष भिंड तक सीमित रहते हैं। वे आज थोड़ा बाहर निकले और चिरायु अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मरने वालों के बारे में बता दिया, लेकिन ये नहीं बताया कि उसी अस्पताल में 24 हजार लोग ठीक होकर निकले। आपने कहा कि अस्पताल को पैसे दे दिए, वो इसलिए करना पड़ा, क्योंकि जब कोरोना आया, तो कमलनाथ जी ने सिर्फ दो बैठकें कीं आईफा अवार्ड की। भगवान की कृपा थी कि शिवराज सिंह चौहान आ गए। रात - रात भर जागकर मुख्यमंत्री शिवराज ने ऑक्सीजन लेकर आने वाले टैंकरों के चालकों, डॉक्टरों से बात की।

नेता प्रतिपक्ष बोले- आजकल हमारे मुख्यमंत्री जज बन गए हैं...

इससे पहले नेता प्रतिपक्ष ने कहा, दिग्विजय सिंह ने जो अधिकार पंचायती राज में दिए थे, वो छीनकर अधिकारियों के हवाले कर दिए। जनपद पंचायत, जिला पंचायत अधिकारविहीन हो गई। विधानसभा की कार्यवाही लगातार कम होती जा रही है। सबसे कम समय विधानसभा चलाने का गोल्ड मेडल इस विधानसभा को मिलना चाहिए। नर्सिंग कॉलेजों के घोटाले जगजाहिर हैं। एक कमरे में नर्सिंग कॉलेज चल रहे हैं। ऐसे करीब 550 कॉलेज प्रदेश में हैं। आपने छात्रों को मानव बम बना दिया। हरियाणा, पंजाब के लोग यहां से फर्जी डिग्री लेकर चले गए। कई ऐसे फैकल्टी हैं, जो चार-पांच जगह काम कर रहे हैं।

Share This News :