आज की 5 बड़ी खबरें:MP में मेयर, अध्यक्ष-पार्षदों को डबल सैलरी, BJP विधायक जज्जी को राहत ,कोई बिल्डर नई अवैध कॉलोनी काटे, तो उसे जेल भेज दो
मध्यप्रदेश में आज दिनभर कौन-कौन सी बड़ी खबरें रहीं, जो आपके लिए जानना जरूरी हैं। इन्हीं में से हम आपके लिए प्रदेशभर से चुनिंदा 5 बड़ी खबरें लेकर आए हैं।
CM शिवराज ने की घोषणा, मेयर, अध्यक्ष-पार्षदों का दोगुना होगा मानदेय
मध्यप्रदेश के महापौर, निकायों के अध्यक्षों और पार्षदों का मानदेय दोगुना होगा। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को भोपाल में आयोजित महापौर, अध्यक्ष और पार्षदों के सम्मेलन में कही। CM ने ट्रेनिंग देते हुए कहा- अहंकार मत रखना। विनम्र रहना। जरा भी अहंकार आया, तो जनता की नजरों से उतरना शुरू हो जाएंगे। जनता सब समझती है। बिना कागज देखे साइन मत करना। नियम देख लें, ये मूलमंत्र है।
CM शिवराज ने कहा कि जनता किसके पास जाएगी, पार्षद के पास न, इसलिए मेयर और अध्यक्ष से भी बड़ी जवाबदारी पार्षद की है। मुख्यमंत्री, मंत्री यदि अच्छा काम कर पाएंगे, तो पार्षदों की वजह से, इसलिए पार्षद धैर्य न खोएं। हम जनता के सेवक हैं, इसलिए निराश न होना, उत्साह से भरे रहना। इस दौरान CM ने मेयर, अध्यक्ष और पार्षदों का मानदेय दोगुना करने की घोषणा भी की।
मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा। अगर कोई बिल्डर नई अवैध कॉलोनी काटे, तो उसे जेल भेज दो। नियम-प्रक्रिया पूरी नहीं करे तो जेल भेज दो। कोई दिक्कत नहीं हैं इसमें। पुरानी, अवैध कॉलोनियों में कई दिनों से लोग घर बनाकर रह रहे हैं। बताओ उसे वैध बनाना चाहिए या नहीं? आज हम यह तय करके जाएंगे। सरल नियम प्रक्रिया बनाकर, उनको वैध करने का काम करेंगे, ताकि मध्यमवर्गीय और निम्न मध्यमवर्गीय भाई और बहनों को दिक्कत न हो।
भाजपा MLA की सदस्यता शून्य करने पर स्टे
अशोकनगर के बीजेपी विधायक जजपाल सिंह जज्जी को हाईकोर्ट से राहत मिल गई है। एक सप्ताह के बाद विधायक को डबल बेंच से स्टे मिला है। उनकी विधानसभा की सदस्यता खत्म करने और धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने के मामले में कोर्ट ने स्टे दिया है।
12 दिसंबर को हाईकोर्ट की एकल बेंच ने याचिका पर सुनवाई करते हुए विधायक के खिलाफ फैसला दिया था कि उनका जाति प्रमाण पत्र फर्जी है। स्टे मिलते ही अशोकनगर में फिर से राजनीति में उबाल आ गया है। इस पर उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया जाए, साथ ही विधानसभा से उनकी सदस्यता समाप्त करने के लिए भी विधानसभा स्पीकर को लिखा था। इस मामले में अशोकनगर विधायक ने हाईकोर्ट की युगल पीठ में राहत के लिए याचिका लगाई थी, जिस पर सुनवाई के बाद सोमवार को उनको स्टे मिल गया है।
रीवा में एम्बुलेंस में प्रसव, नवजात की मौत; अस्पताल में लगा था ताला
रीवा में महिला ने एम्बुलेंस में बच्ची का जन्म दे दिया। नवजात की एम्बुलेंस में ही मौत हो गई। घटना रविवार की है। महिला के परिजन का कहना है कि डॉक्टर सहित मेडिकल स्टाफ छुट्टी के दिन अस्पताल बंद कर अपने घर चले जाते हैं। नतीजा, शाम को प्रसव केंद्र पहुंची महिला को समय रहते उपचार नहीं मिला।
मामला मनिकवार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का है। डॉक्टर और नर्स के नदारद रहने से आशा कार्यकर्ता को एम्बुलेंस में ही प्रसव कराना पड़ा। प्रसव होने के कुछ ही देर बाद नवजात की मौत हो गई। नवजात की मौत के बाद महिला काफी देर तक बिलखती रही। CMHO डॉ. एनएन मिश्रा से जब बात की, तो डॉक्टर और नर्सों की लापरवाही को लेकर अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा- हम पूरी जानकारी जुटा रहे हैं। दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा। संबंधित चिकित्सक के खिलाफ जरूर कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक ममता रावत (30 वर्ष) पति सुखलाल रावत निवासी ग्राम लढ़ को रविवार की शाम प्रसव पीड़ा हुई। गांव की आशा कार्यकर्ता ने तुरंत जननी एक्सप्रेस बुलाई। जिसके बाद मेडिकल स्टाफ ममता रावत को लेकर मनिकवार स्वास्थ्य केंद्र लेकर रवाना हुआ। अस्पताल पहुंचने तक महिला की प्रसव पीड़ा तेज हो गई।
सिवनी मालवा में लिव इन पार्टनर ने की प्रेमिका की हत्या
सिवनी मालवा में लिव इन रिलेशनशिप में रह रही 38 वर्षीय महिला की पार्टनर ने ही हत्या कर दी। पार्टनर ने शराब के नशे में विवाद के बाद पत्थर से सिर कुचल कर मार दिया। महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। महिला की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है।
यहां आईटीआई के पास सीमेंट के श्याम गोदाम का मामला है। रेखा धुर्वे (38) निवासी डोडरामऊ तहसील टिमरनी अपने पति को छोड़कर प्रेमी मलखान के साथ श्याम गोदाम के पास एक झोपड़ी में रहती थी। मलखान रविवार रात को शराब पीकर आया था। उसका किसी बात पर रेखा से विवाद होने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि मलखान ने भारी पत्थर से रेखा का सिर कुचल दिया।
श्याम ने बताया कि वह गोदाम में ही मजदूरी करता है। रात को 9-10 बजे रेखा और मलखान ने शराब पी थी। उसके बाद 12 से 1 बजे के बीच में इनका झगड़ा शुरू हुआ था। इसी बीच मलखान सिंह ने रेखा को मार दिया। मैं सोमवार सुबह गोदाम की तरफ आया, तो देखा कि रेखा झोपड़ी के अंदर मृत पड़ी हुई थी। वह बिल्कुल भी हिल नहीं रही थी। उसको इस हालत में देखकर में घबरा गया। मैंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी, थाना प्रभारी जीतेन्द्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि लोगों से पूछताछ में पता चला कि मृतिका रेखा धुर्वे और उसके मुंहबोले पति के बीच शराब पीने के बाद किसी बात पर देर रात तक विवाद हुआ था। जिसके बाद मलखान ने रेखा की हत्या कर दी। एफएसएल सहित डॉग स्काट को बुलवाया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
सीधी जिले में गायों से क्रूरता, जीआई तार से तीन गायों के मुंह बांधकर जंगल में छोड़ा
सीधी जिले में गायों से क्रूरता का मामला सामने आया है। गायों के मुंह को जीआई तार के माध्यम से बांधकर जंगल में मरने के लिए छोड़ दिया। इससे गाय पानी भी नहीं पी पा रही थी। यह मामला सीधी जिले के चुरहट थाना अंतर्गत सर्रा गांव का है। समाजसेवी अधिवक्ता अंबुज पांडे ने सोमवार सुबह गायों को बंधा देखा।
उन्होंने तुरंत इसकी सूचना लोगों को दी। आसपास के लोगों के साथ उन्होंने मुश्किल से तीनों गायों को काबू में किया। उनके मुंह से तार निकाला। गायों को काफी दुबली दिख रही थी। उन्हें देखकर ऐसा लग रहा था कि वे करीब एक सप्ताह से ज्यादा समय से ऐसे ही थी। गाय के घाव हो गए थे। वह इतना गहरा था कि उसमें कीड़े पड़ गए थे। लोगों ने गायों को दवा लगाई। ग्रामीणों ने उनके खाने और पानी की व्यवस्था की।
ग्रामीणों ने चुरहट एसडीएम को आवेदन दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं आगे होगी, तो हम आंदोलन करेंगे।