राहुल अच्छा बंदा है, मेरी तरह उसे भी पॉलिटिक्स नहीं आती
सूफी गायक हंसराज हंस ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से जुड़े सवाल पर कहा कि राहुल गांधी अच्छा बंदा है। मेरी तरह उसे भी पॉलिटिक्स नहीं आती, लेकिन जब आप एक पार्टी के हेड हैं। आपको लंबा समय हो गया है, तो अब आपको मैच्योर हो जाना चाहिए।
शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म 'पठान' विवाद में सूफी सिंगर और भाजपा सांसद हंसराज हंस की भी एंट्री हो गई है। उन्होंने कहा है कि भगवा संतों का रंग है, उन पर ही अच्छा है। फिल्म बनाने वालों को ध्यान रखना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने राहुल गांधी पर चुटकी लेते हुए कहा- अब तो उन्हें मैच्योर हो जाना चाहिए।
हंसराज हंस रविवार को ग्वालियर में राष्ट्रीय तानसेन संगीत समारोह में हिस्सा लेने आए हैं। समारोह की पूर्व संध्या पर उन्होंने 'गमक' संगीत सभा में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी बात की। उन्होंने कहा कि किसी की आस्था को चोट नहीं पहुंचाना चाहिए। इसके लिए सेंसर बोर्ड भी दोषी है।
ग्वालियर को बताया संगीत का समुद्र
हंसराज हंस ने कहा कि पहली बार संगीत सम्राट तानसेन की जन्म और कर्मभूमि पर आ आया हूं। इसे लेकर काफी चिंतित हूं, क्योंकि यह मेरी भी परीक्षा है। ग्वालियर वो पवित्र जगह है, जहां मियां तानसेन का जन्म हुआ, जो संगीत का समुद्र थे, मेरी हैसियत नहीं है कि यहां कुछ सुना पाऊं या उनके सामने कुछ गा पाऊं। मैं यहां नमन करने आया हूं।