दिग्विजय बोले...तो मैं चुनाव लड़ूंगा
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि हमारे पास लोगों की कमी नहीं, फिर भी कोई नहीं मिला तो मैं चुनाव लड़ूंगा। दरअसल, दिग्विजय सिंह से मीडिया ने सवाल किया था कि अरुणोदय चौबे के बीजेपी में जाने की बात सामने आ रही है, तो खुरई से कौन चुनाव लड़ेगा। इस पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि कोई नहीं मिला तो मैं लड़ूंगा।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शनिवार को सागर जिले के खुरई पहुंचे थे। यहां उन्होंने मंत्री भूपेंद्र सिंह के लगाए आरोपों पर पलटवार किया। दिग्विजय सिंह ने भूपेन्द्र सिंह को मैदान में आकर लड़ने की चुनौती दी। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि यदि खुरई विधानसभा क्षेत्र से कोई उम्मीदवार नहीं मिला, तो मैं खुद उनके खिलाफ चुनाव लड़ूंगा। दिग्विजय सिंह करीब डेढ़ घंटे तक खुरई में रुके रहे।
दिग्विजय सिंह खुरई विधानसभा में कांग्रेस के प्रताड़ित कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए पहुंचे थे। यहां वे सबसे पहले राकेश दुबे गमीरिया के घर गए। राकेश दुबे पिछले साल हुए सेल्फी कांड में 78 दिन तक जेल में रहे हैं, करीब 15 मिनट तक हुई मुलाकात में राकेश दुबे ने दिग्विजय सिंह को अपनी व्यथा सुनाई और बताया कि किस तरह से खुरई में कांग्रेस के कार्यकर्ता परेशान हैं।
भूपेंद्र सिंह को मैदान में आकर लड़ने की चुनौती
मीडिया से बात करते हुए दिग्विजय सिंह ने मंत्री भूपेंद्र सिंह की ओर से 2 दिन पहले लगाए आरोपों पर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मेरे 10 साल के मुख्यमंत्री काल के दौरान मैंने क्या भूपेंद्र सिंह को कोई परेशानी होने दी है। अगर हुई हो तो वह इसका जवाब दें, लेकिन यह क्या तरीका है? दादागिरी, गुंडागिरी और झूठे प्रकरण बना रहे हैं। यह ठीक नहीं है। अगर लड़ाई लड़ना है तो मैदान में आओ, निर्दोष लोगों को क्यों बंद करते हो? आओ लड़ो मैं भी आ रहा हूं तुम्हारे साथ में।
मैं लड़ूंगा खुरई से चुनाव- दिग्विजय सिंह
जब दिग्विजय सिंह से मीडिया ने पूछा कि अब खुरई में कांग्रेस नेता नहीं बचा। भाजपा के खिलाफ कौन चुनाव लड़ेगा? उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि हमारे पास कोई कमी है क्या? अगर कोई नहीं लड़ेगा तो मैं खुद लडूंगा।
'भारत जोड़ो, नफरत छोड़ो' यात्रा करेंगे शुरू
दिग्विजय सिंह खुरई के मालथौन में महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष रक्षा राजपूत के घर भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मंत्री भूपेंद्र सिंह और गोविंद सिंह राजपूत पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दोनों मंत्रियों ने जो अत्याचार और अन्याय किया है। उसके लिए सुरखी और खुरई विधानसभा में 'भारत जोड़ो, नफरत छोड़ो' यात्रा को करेगें।