सीएमओ और कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी निलंबित
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जन-प्रतिनिधि अधिकारी, कर्मचारी सभी की ड्यूटी है कि वे जनता की बेहतर सेवा करें। अच्छा कार्य करने वालों को मामा गले लगाएगा और कंधे पर बिठा कर घुमायेगा, पर गड़बड़ी वालों को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्य में लापरवाही बरतने पर शिवपुरी के सीएमओ श्री शैलेष अवस्थी और राशन में गड़बड़ी पाए जाने पर पिछोर के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी श्री नरेश मांझी को निलंबित करने के भी निर्देश दिये। श्री चौहान ने निर्देश दिये कि जिले में उचित मूल्य राशन के वितरण की सही मॉनीटरिंग हो। जो पात्र हितग्राही छूट गये हैं, उनका नाम जोड़ा जाये।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सरकार का एक ही लक्ष्य है, विकास और जनता का कल्याण। यहाँ जनता की अदालत लगी है, सभी के कार्य होंगे। मुख्यमंत्री हो या कलेक्टर हो, सभी जनता के सेवक हैं। जनता का राज है, सभी मिल कर कार्य करने का संकल्प लें। आगामी 6 अप्रैल से पुन: जन-सेवा अभियान चलेगा, जिस व्यक्ति का नाम छूटा होगा, उसका जोड़ा जायेगा। गरीब, किसान और आम नागरिक परेशान न हों, दर-दर ठोकर न खायें, गाँव/क्षेत्र में ही उनका कार्य हो। सरकार भोपाल से नहीं चौपाल से चलेगी।केन्द्रीय नागर विमानन एवं इस्पात मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश की दशा और दिशा बदली है। शिवपुरी भगवान शिव की पवित्र नगरी है और इसके विकास और प्रगति में मुख्यमंत्री कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री श्री चौहान की डबल इंजन सरकार देश और प्रदेश का तेज गति से विकास कर रही है। कोरोना काल में जहाँ प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विश्व एवं देश की समस्या का समाधान किया, वहीं श्री चौहान ने प्रदेश की जनता को राहत देने के लिये अथक परिश्रम किया।