Home > राज्यो से ,
शिवराज के मंत्री ने क्यों गुजारी तंबू में रात

प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री व कट्‌टर सिंधिया समर्थक प्रद्युम्न सिंह तोमर हमेशा से अपने अनोखे अंदाज के लिए जाने जाते हैं। कभी सड़कें न बनने से नाराज होकर जूते-चप्पल त्याग देते हैं तो कभी खुद ही नाला में सफाई करने कूद पड़ते हैं। इस बार सिंधिया समर्थक ने 7 डिग्री सेल्सियस में हाड़ कपा देने वाली ठंड के बीच किलागेट इलाके मंे सड़क पर बने तंबू में रात गुजारी।

इतना ही नहीं किलागेट-फूलबाग सड़क चौड़ीकरण में जिनके घर टूटे उनकी नाराजगी दूर करने उनके बीच पहुंचकर चौपाल लगाई। खास बात यह थी कि लोग ठंड में ऊपर से नीचे से गर्म कपड़ों से लदे थे, लेकिन विकास के लिए चप्पलें छोड़ने वाला शिवराज का मंत्री नंगे पैर बैठे नजर आए। यहां रात को ही अधिकारियों का बुलाकर विकास पर बात की।

शहर में फूलबाग-सेवा नगर से लेकर किलागेट और हजीरा तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्दुम्न सिंह तोमर बीती रात को घर से निकले, लेकिन किला गेट चौराहे पर जाकर मंत्री तोमर अचानक रुक गए और मौके पर मौजूद अधिकारियों और अपने समर्थकों से बोले आज रात में यहीं रुकूंगा। यहां के निवासियों ,व्यापारियों के मकान और दुकानें सड़क चौड़ीकरण में टूटी हैं उनका त्याग और बलिदान बेकार नहीं जाना चाहिए। इन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए खुले दिल से सहयोग किया है। इसके बाद भी यहां सड़कें खुदी पड़ीं हैं। यहां काम चल रहा है, मलवा हटाने का काम और तेजी से हो। तेजी से सड़क बनाकर विकास कार्य दिखे। काम में और तेजी आए और समय सीमा में काम पूरा हो इसलिए मैं अपने स्थानीय लोगों और साथियों के साथ पूरी रात किला गेट चौराहे पर गुजारुंगा।
आनन-फानन में बनाया गया तंबू, तत्काल मंगाई रजाइयां
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री के इतने कहते ही कि वह रात भर चौराहा पर रुकेंगे अधिकारियों ने आनन-फानन में किला गेट चौराहे पर तंबू लगाया गया और अधिकारियों के साथ मंत्री तोमर ने विकास कार्यों को लेकर चर्चा की वहीं जन चौपाल के माध्यम से स्थानीय दुकानदारों व्यापारियों निवासियों से वन टू वन चर्चा की और लोगों की समस्या के निराकरण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही निर्माणाधीन विकास कार्य में तेजी लाने और समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश मौके पर मौजूद अधिकारियों को दिए।
ऊर्जा मंत्री का कहना मेरे लोगों का त्याग बेकार नहीं जाएगा
- ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने चौपाल लगाकर लोगों से बातचीत की और इसके बाद कहा कि मेरे लोगों ने विकास कार्य और सड़क चौड़ीकरण के लिए अपना मकान, दुकान का त्याग दिया है। मेरे लोगों का यह त्याग बेकार नहीं जाएगा। यहां तेजी से विकास हो इसलिए मैं रात भर यहां ठहरा हूं।

Share This News :