CM बोले-चलो मैं सस्पेंड करता हूं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का 'सस्पेंड ऑन द स्पॉट' अभियान जारी है। सीएम शिवराज सिंह ने बुधवार को एक बार फिर मंच से ही दो अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया। सीएम जनसेवा अभियान के संभाग स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने खरगोन पहुंचे थे। यहां नवग्रह मेला मैदान पर हुई सभा में उन्होंने मंच पर घूम-घूमकर संबोधित किया।
सीएम शिवराज सिंह ने मंच से कहा - जिला शिक्षा अधिकारी की कई शिकायतें मिली हैं। क्या करना चाहिए, सस्पेंड कर दूं, चलो उन्हें मैं सस्पेंड करता हूं। एक बात मुझे पता चली है। लाभार्थियों के लिए पैसे भेजे गए थे। दो लोगों की साइन के बाद रुपए निकालने थे, लेकिन सीएमओ ने अकेले ही निकालकर रख लिए। इसलिए उन्हें भी सस्पेंड करता हूं।
गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा: CM
सीएम ने कहा- अब सरकार भोपाल से नहीं, गांव की चौपाल से चलेगी। गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी केके डोंगरे की बहुत शिकायतें आ रही हैं। उन्हें मंच से ही सस्पेंड करता हूं। भीकनगांव नगर पंचायत सीएमओ मोहन लाल अलावा को भी निलंबित कर रहा हूं। मैं अच्छा काम करने वाले को पुरस्कृत भी करूंगा। 6 अप्रैल से गांव-गांव अधिकारी-कर्मचारी शिविर लगाकर जनता समस्या का निराकरण करेंगे।