शिवराज ने DEO समेत 3 अफसरों को किया निलंबित; कहा-मनरेगा का पैसा र्अधिकारी खा रहे हैं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को सीधी जिले में भी एक्शन मोड में दिखे। उन्होंने मंच से ही DEO, नैकिन के प्रभारी तहसीलदार और कटनी मनरेगा अधिकारी को सस्पेंड कर दिया। वे यहां मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के अंतर्गत स्वीकृति-पत्र वितरण कार्यक्रम में भाग लेने आए थे। यहां सीएम ने जिले में गो अभयारण्य बनाने की बात भी कही।
सीधी में सभा को संबोधित करते समय CM शिवराज ने कहा कि मुझे मनरेगा परियोजना अधिकारी प्रदीप शुक्ला की कई शिकायतें मिली हैं। सीधी में पदस्थ रहने के दौरान उन्होंने कई गड़बड़ियां की हैं। वे अभी कटनी में पदस्थ हैं, वहां भी गड़बड़ी कर रहे हैं। इसलिए यहां के पूर्व मनरेगा अधिकारी को मैं तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर रहा हूं। कटनी में ही सस्पेंड। यह नहीं चलेगा।
पूर्व मनरेगा अधिकारी प्रदीप शुक्ला पर वित्तीय अनियमितता के आरोप लगे थे। कई सरपंच व सचिवों ने आरोप लगाए थे कि वे सरकारी काम की राशि जारी करने के बदले रुपयों की मांग करते हैं। इसको लेकर लोगों ने जनपद सीईओ, जिला पंचायत सीईओ और कलेक्टर से भी शिकायत की थी। इस पर जिला पंचायत सीईओ राहुल नामदेव धोटे ने उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन भेजा था। इस पर आज सीएम शिवराज ने उन्हें सस्पेंड कर दिया।सीएम ने मंच से रामपुर नैकिन की प्रभारी तहसीलदार आंचल अग्रहरी को भी सस्पेंड किया। आंचल सीधी जिले की बहरी तहसील में पदस्थ थीं। उन पर रामपुर नैकिन का प्रभार भी है। तहसीलदार की कार्यप्रणाली के खिलाफ पूर्व मंत्री व सिहावल विधायक कमलेश्वर पटेल ने दो महीने पहले ग्रामीणों के साथ धरना दिया था। उन्होंने नामांतरण प्रकरणों में लापरवाही सहित अन्य समस्याओं को लेकर आंचल अग्रहरि को बहरी से हटाने की मांग की थी। इसके बाद उनको रामपुर नैकिन के प्रभारी तहसीलदार के रूप में पदस्थ किया था। अब सीएम शिवराज ने उन्हें निलंबित कर दिया है।