Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
शिवराज फिल्म 'नायक' के अनिल कपूर वाले अंदाज में नजर आए ,6 अफसर सस्पेंड

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को फिल्म 'नायक' के अनिल कपूर वाले अंदाज में नजर आए। फिल्म में जिस तरह सीएम बने अनिल कपूर लापरवाह अधिकारियों को निलंबित करते दिखे थे, वैसे ही सीएम शिवराज ने भी एक के बाद एक 6 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को पहले डिंडौरी जिले के औचक दौरे पर पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर शहपुरा तहसील मुख्यालय में करीब डेढ़ बजे उतरा। जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री का काफिला बिलगड़ा गांव में बन रहे बिलगड़ा बांध पहुंचा। यहां पहुंचकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अफसरों की क्लास ली। शिकायतों को लेकर सीएम ने EE, SDO सहित 6 अफसरों को निलंबित कर दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री मंडला के लिए रवाना हो गए।

सीएम ने डिंडौरी में जल संसाधन विभाग के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर जीएस सांडिया, बेलगांव के SDO एमके रोहतास और उपयंत्री एसके चौधरी को निलंबित करने के आदेश दिए। वहीं मुख्यमंत्री ने बड़झर गांव में संचालित बालक आश्रम में गंदगी देखकर नाराजगी जताई और छात्रावास के अधीक्षक कमलेश गोलियां को भी निलंबित कर दिया। बीज वितरण में लापरवाही बरतने पर सीएम ने प्रभारी उपसंचालक कृषि अश्विनी झारिया को भी निलंबित कर दिया। जबकि उत्कृष्ट कार्य करने के लिए जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस दीपक साहू को सम्मानित किया।

मंडला में अस्पताल पहुंचने पर सीएम ने सिविल सर्जन डॉ. कृपाराम शाक्य को सस्पेंड करने के निर्देश दिए।

बांध के काम में लापरवाही पर कार्रवाई
बिलगड़ा में बांध निर्माण के दौरान नहर के निर्माण में जमकर लापरवाही बरती गई है। इसको लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को शिकायतें मिली थीं। इस पर उन्होंने औचक निरीक्षण किया। सीएम सुबह भोपाल में एक कार्यक्रम के बाद विशेष विमान से जबलपुर पहुंचे। यहां से वे हेलिकॉप्टर से डिंडौरी पहुंचे। काफिले में उनके साथ कलेक्टर विकास मिश्रा, पुलिस अधीक्षक संजय सिंह, SDM काजल जावला साथ रहे।

ग्रामीणों ने लापरवाही की शिकायतें कीं
बांध का निरीक्षण करने के बाद CM बिलगड़ा हाई स्कूल पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। यहां ग्रामीणों ने उनसे बांध व नहर के निर्माण में लापरवाही की शिकायतें करते हुए क्षेत्र की समस्याएं बताईं। इस पर सीएम ने फोन पर ही अफसरों को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए।

मुख्यमंत्री ने बच्चों को पढ़ाया, गिनती सुनी
मुख्यमंत्री ने बड़झर गांव में संचालित प्राथमिक पाठशाला में बच्चों को पढ़ाया। बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे गिनती सुनी और पूछा कि शिक्षक रोज आते हैं, पढ़ाते हैं कि नहीं। बच्चों ने हां में जवाब दिया। इससे पहले मुख्यमंत्री बिलगांव में संचालित हाई स्कूल पहुंचे और दो छात्रों को कलम दी। छात्राओं से पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने हाई स्कूल के शिक्षकों को अच्छी पढ़ाई करवाने के निर्देश दिए।डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर बांध तक पहुंचे
इससे पहले मुख्यमंत्री करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर बिलगड़ा बांध का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। किसानों ने बताया कि बारिश के मौसम में बांध ओवरफ्लो होने के कारण उनके खेत और वहां लगी फसल बर्बाद हो गई थी। नहर में सीपेज होने से खेतों में पानी भर गया था।किसानों की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई
इंजीनियर एसके चौधरी और एक्जीक्यूटिव इंजीनियर जीएस सांडिया के खिलाफ किसानों ने सीएम से शिकायत की। सीएम ने गांव वालों के सामने ही तीनों अफसरों को निलंबित कर दिया। मोबाइल से कॉल कर भोपाल में विभागीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इनमें से SDO एमके रोहतास छह महीने पहले ही पदस्थ हुए थे।

Share This News :