Home > अपना शहर ,
संघर्षशील है सिंधी समाज – श्री पवैया

उच्च शिक्षा मंत्री ने प्रांतीय सिंधी युवा सम्मेलन का किया शुभारंभ

सिंधी समाज, संघर्षशील एवं राष्ट्रभक्त समाज है। राष्ट्र विभाजन का दंश भी सबसे ज्यादा सिंधी समाज ने ही झेला था। अपनी जन्मभूमि, जमीन व जायदाद छोड़कर आए सिंधी समाज ने इन कठिनाईयों से उबरकर भारत के निर्माण में भी अतुलनीय योगदान दिया है। युवा पीढ़ी को इस संघर्ष गाथा से अवगत कराने की जरूरत है। उक्त आशय के विचार उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने व्यक्त किए। श्री पवैया प्रथम प्रांतीय सिंधी युवा सम्मेलन के उदघाटन सत्र को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

      यहाँ एक स्थानीय होटल में सिंधी युवा सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद दिल्ली और भारतीय सिंधु सभा युवा शाखा मध्यप्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हो रहा है। इस सम्मेलन में देश के 52 शहरों से आए सिंधी युवा शिरकत कर रहे हैं।

      सिंधी युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री पवैया ने आहवान किया कि युवा पीढ़ी अपनी मात्र भाषा से विमुख न हो। भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिये सिंधी युवाओं को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि भाषा और बोली किसी संस्कृति की पहचान का मुख्य आधार होती है।

      युवा सम्मेलन के पहले दिन खासतौर पर डिजिटल इंडिया, देश के आर्थिक विकास में सिंधी युवाओं की भूमिका, कम्युनिटी रेडियो, सरकार द्वारा संचालित योजनायें और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने में सिंधी युवाओं की भागीदारी आदि विषयों पर चर्चा हुई। साथ ही इन विषयों पर खुला संवाद भी हुआ।

      इस अवसर पर सर्वश्री भगवान दास सबनानी, दीपक रतनानी, कमल खत्री, आनंद करारा, डॉ. रतन रघुवंशी, मनीष देवनानी और रश्मि रामानी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सिंधी समाज की माँगों से संबंधित एक ज्ञापन भी युवा सम्मेलन में सौंपा गया।

  

Share This News :