Home > अपना शहर ,
मेले को ऊँचाईयाँ प्रदान करने में कोई कोर कसर न रहे – श्री पवैया

उच्च शिक्षा मंत्री ने की मेले की तैयारियों की समीक्षा

मेले को ऊँचाईयाँ प्रदान करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाए। मेले में ऐसे आयाम जोड़ें जाएँ, जो सैलानियों को आकर्षित कर सकें। यह निर्देश उच्च शिक्षा, लोक सेवा प्रबंधन एवं जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने दिए। श्री पवैया यहाँ गांधी रोड़ सर्किट हाउस में संबंधित अधिकारियों की बैठक में मेले की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे।

      बैठक में संभाग आयुक्त एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री एस एन रूपला, प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, मेला सचिव श्री शैलेन्द्र मिश्रा तथा श्री मदन मोहन दानिश, श्रीमती रंजना टोंणपे, डॉ. हरिमोहन पुरोहित, दूरदर्शन केन्द्र के निदेशक एवं मेला की व्यवस्थाओं से संबंधित विभिन्न समितियों के सदस्यगण मौजूद थे।

      उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने मेले में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आकर्षक बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने देशभर में ख्याति प्राप्त कर चुके “भारत माता की आरती कार्यक्रम” को मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल करने की सलाह दी। साथ ही देशभक्ति से ओत-प्रोत अन्य कार्यक्रम शामिल करने को भी कहा। श्री पवैया ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शहरवासियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिये बड़े-बड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिये अलग से निमंत्रण पत्र भेजने के लिये भी कहा।

      संभाग आयुक्त श्री रूपला ने बैठक में जानकारी दी कि मेले को ऊँचाईयाँ प्रदान करने के लिये इस बार सभी आयु वर्ग के लोगों की रूचि का ध्यान रखा गया है। इसी क्रम में स्कूली बच्चों को शिक्षाप्रद एवं देशभक्तिपूर्ण फिल्में नि:शुल्क दिखाई जायेंगी। मेले में सैलानियों की सुविधा के लिये एटीएम भी लगवाए गए हैं। स्वच्छ पेयजल के लिये आरओ लगाने के प्रयास भी जारी हैं। श्री रूपला ने बताया कि मेला प्राधिकरण के प्रयासों की बदौलत इस साल इलेक्ट्रोनिक सेक्टर भी गुलजार रहेगा। इस सेक्टर की सभी 310 दुकानें बुक हो चुकी हैं।

पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष ने मेले में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था रखने का भरोसा दिलाया। प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने बताया कि वृद्धजनों एवं बच्चों के लिये इस बार पार्किंग से लेकर मेला प्रवेश द्वार तक ई-रिक्शा भी उपलब्ध रहेंगे।

मेले को हर हाल में कचरा मुक्त बनायें

      उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया ने मेला परिसर को कचरा मुक्त रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा मेले के विभिन्न सेक्टर में बड़े-बड़े डस्टबिन रखवायें। साथ ही अतिरिक्त सफाई कर्मी तैनात करें। इस कार्य को बेहतर ढंग से अंजाम देने के लिये एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति भी की जाए।

यह भी निर्देश दिए

  • मेला की छतरियों का निर्धारण शहीदों एवं महापुरूषों के नाम से करें। छतरियों को सुसज्ज्ति कर उनके ऊपर महापुरूषों के नाम लिखकर गुब्बारे लगायें।
  • हाथ ठेला, रेड़ी वालों को भी कारोबार का मिले मौका। इनका शोषण न होने पाए।
  • पुलिस अधीक्षक से कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिये महिला पुलिस अनिवार्यत: तैनात करें।
  • मेले की दुकानें ब्लैक करने की प्रवृत्ति पर कड़ाई से अंकुश लगायें।

Share This News :