Home > अपना शहर ,
उपभोक्ता अपने अधिकारों को पहचानें – प्रभारी कलेक्टर श्री वर्मा

राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम सम्पन्न

राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के अवसर पर आज मानस भवन फूलबाग में उपभोक्ताओं को जागरूक करने हेतु एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा थे। कार्यक्रम में विशेष रूप से फूड कंट्रोलर श्री संतोष जैन, इण्डेन गैस के सेल्स ऑफीसर श्री मयंक शिवहरे, कंज्यूमर एण्ड सिविल राईट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुश्री ममता सिंह, ग्राहक पंचायत के श्री प्रशांत ग्वालियरी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

      प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने कहा कि उपभोक्ताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस का आयोजन किया जाता है। उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए। बाजार में अगर किसी भी प्रकार की लापरवाही या कालाबाजारी हो रही हो तो उसकी शिकायत जरूर करना चाहिए। शिकायत करने के लिये उपभोक्ताओं को संबंधित विभागीय अधिकारी के साथ ही प्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रारंभ की गई सीएम हैल्पलाईन पर शिकायत की जा सकती है। सीएम हैल्पलाईन पर प्राप्त होने वाली शिकायतों पर प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाती है।

      उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को गैस एजेन्सी, पेट्रोल पम्प एवं अन्य स्थानों पर भी उपलब्ध शिकायत पुस्तिका में भी अगर कोई शिकायत है तो उसको दर्ज कराना चाहिए। उपभोक्ता कई बार देखकर भी शिकायत या आपत्ति दर्ज नहीं करता है। इससे लोगों को गलत काम करने का अवसर मिलता है। गलत की शिकायत अनिवार्यत: की जाना चाहिए। श्री वर्मा ने कहा कि उपभोक्ताओं को न्याय दिलाने हेतु देश में उपभोक्ता न्यायालय भी गठित हैं। किसी उपभोक्ता के साथ अगर कोई गलत हुआ है तो न्यायालय में भी प्रकरण दर्ज किया जा सकता है।

      कार्यक्रम में फूड कंट्रोलर श्री संतोष जैन ने कहा कि उपभोक्ताओं के अधिकारों के लिये शासन द्वारा कई नियम एवं प्रावधान बनाए गए हैं। उपभोक्ताओं को जागरूकता के साथ अपने अधिकारों का उपयोग करना चाहिए। शहर में खाद्य पदार्थों में मिलावट या कम नापतौल की कोई शिकायत हो तो खाद्य विभाग को करना चाहिए, ताकि संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई की जा सके।

कार्यक्रम में ग्राहक पंचायत के श्री प्रशांत ग्वालियरी ने कहा कि ग्राहक पंचायत द्वारा उपभोक्ताओं को जागरूक करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। हमारी संस्था द्वारा उपभोक्ताओं के साथ अगर कोई गलत होता है तो उसकी शिकायत भी की जाती है। लोगों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहकर गलत के खिलाफ आवाज उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सभी भारतवासी किसी न किसी रूप में ग्राहक हैं।

कार्यक्रम में कंज्यूमर एण्ड सिविल राईट एसोशिएशन द्वारा 19 से 24 दिसम्बर तक उपभोक्ता सप्ताह के दौरान विभिन्न स्कूल एवं कॉलेजों में कराई गई निबंध, ड्रॉइंग आदि प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरित भी किए गए। मानस भवन में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया। अतिथियों द्वारा प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया।

Share This News :