Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
चुनाव से पहले MP में दलबदल की सुगबुगाहट ! कमलनाथ के दावे पर गृह मंत्री ने किया पलटवार

मध्य प्रदेश में आगामी 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले दलबदल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ का बयान सामने आया था कि उनके संपर्क में भाजपा के कुछ विधायक है, लेकिन वह अपने संगठन के नेताओं को ही टिकट देंगे।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बयान के पर प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के कुछ विधायक भाजपा के संपर्क में हैं और वह हमारी पार्टी में शामिल होना चाहते हैं। इस मामले में अब गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा भी एंट्री हो गई है।  

इस मामले में गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कमलनाथ जब जब ऐसा बोलते हैं तब तब कांग्रेस टूट जाती है। पहली बार जब कमलनाथ ने दावा किया तो सरकार चली गई थी। उस दौरान उपचुनाव के समय में ऐसा बोला तो पूरी पार्टी बैठ गई और फिर राष्ट्रपति चुनाव में बोला तो पार्टी के 17 विधायकों ने क्रॉस वोटिंग कर दी। इसलिए ऐसा माना जा सकता है कि राहुल गांधी और कमलनाथ ने कांग्रेस की सुपारी ली है और उसे निपटा कर ही मानेंगे। 

नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि विधायकों को तोड़ने की शुरुआत कमलनाथ ने ही की थी इसलिए राहुल गांधी और कमलनाथ कांग्रेस पार्टी को खत्म करने के अभियान में लगे हुए हैं। गुजरात में भाजपा की जीत निश्चित थी, लेकिन अब राहुल गांधी के गुजरात चुनाव में प्रचार करते ही भाजपा की दो तिहाई बहुमत से जीत सुनिश्चित हो जाएगी।

इस कड़ी में गृह मंत्री ने कहा कि  कांग्रेस जनजातीय गौरव दिवस पर राजनीति कर रही है जबकि अब तक कांग्रेस जनजातीय वोटों से ही जीती थी। लेकिन कांग्रेस ने राष्ट्रपति का भी विरोध किया था, कांग्रेस किसी काम का समर्थन नहीं करती वह केवल हर बात का विरोध करती है।

बता दें कि मध्य प्रदेश में चुनाव से पहले कांग्रेस और भाजपा के नेता जिस तरह से बयानबाजी कर रहे हैं उससे प्रदेश के सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि क्या फिर से दलबदल होने वाला है। ऐसा इसलिए भी माना जा सकता है क्योंकि 2018 के विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में बड़े स्तर पर दलबदल की सियासत हो चुकी है।

इस मुद्दे पर राजनीतिक पंडितों की माने तो इस वक्त भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां नेताओं को अपने पाले में लाने की तैयारियों में जुटी है। ऐसे में आने वाले वक्त में मध्य प्रदेश में दलबदल की सियासत से इनकार नहीं किया जा सकता। 

Share This News :