Home > अपना शहर ,
कैशलेस व्यवस्था के संबंध में महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को दिया गया प्रशिक्षण

जिले में कैशलेस व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिये चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम में महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को जोड़ा गया है। इसी कड़ी में महाविद्यालयों में जागरूकता विद्यार्थियों को कैम्पस एम्बेसडर नियुक्त किया गया है। चयनित विद्यार्थियों को आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा एवं सूचना विज्ञान अधिकारी श्री संजय पाण्डेय द्वारा ऑनलाईन पेमेन्ट तथा कैशलेस व्यवस्था के संबंध में बारीकियाँ विद्यार्थियों को बताईं। इस प्रशिक्षण में 7 महाविद्यालयों के 40 विद्यार्थियों ने कैशलेस व्यवस्था को समझा।

प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने प्रशिक्षण में विद्यार्थियों से कहा कि कैशलेस व्यवस्था को न केवल स्वयं समझें बल्कि अपने महाविद्यालय और अपने घर के लोगों को भी इसके संबंध में जानकारी दें। कैशलेस व्यवस्था को अधिक से अधिक लोग अपनायें। इसके लिये प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करें और कराएँ।

प्रशिक्षण में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री संजय पाण्डेय ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से डिजिटल भुगतान करने पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने खासतौर पर बैंक कार्ड, पीओएस, यूएसएसडी आधारित मोबाइल बैंकिंग, ई-बटुआ, आधार से जुडी़ भुगतान प्रणाली, माइक्रो एटीएम से लेनदेन, यूपीआई आदि के जरिए  डिजिटल भुगतान प्रक्रिया के बारे में बताया। श्री पाण्डेय ने बताया कि डिजिटल भुगतान के लिए अपने मोबाइल नंबर को बैंक खाते से जरूर लिंक करवा लेना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि डिजिटल भुगतान के संबंध में किस प्रकार किया जा सकता है उपयोग :-

  • एटीएम व अन्य बैंक कार्ड
  • ई- बटुआ ﴾कम्प्यूटर या स्मार्ट फोन के जरिए ऑन-लाइन भुगतान प्रणाली,ï´¿
  • पीओएस ﴾पॉइंट ऑफ सेल﴿ के जरिए
  • इंटरनेट बैंकिंग
  • यूएसएसडी आधारित मोबाइल बैंकिंग
  • आधार कार्ड लिकिंग के आधार पर

कार्यशाला में विद्यार्थियों द्वारा कैशलेस व्यवस्था के संबंध में विभिन्‍न प्रश्न पूछे, जिनका जवाब देकर विद्यार्थियों को समझाईश दी गई। सभी विद्यार्थियों द्वारा कैशलेस व्यवस्था को अपनाने और इस कार्य में अधिक से अधिक जागरूकता के लिये कार्य करने का आश्वासन दिया।

Share This News :