इनामी डकैत गुड्डा गुर्जर गिरफ्तार
ग्वालियर-चंबल के कुख्यात इनामी डकैत गुड्डा गुर्जर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ग्वालियर से करीब 40 किलोमीटर दूर घाटीगांव के बसोटा के जंगल से उसे पकड़ा गया है। यहां ग्वालियर क्राइम ब्रांच की टीम के साथ गुड्डा गुर्जर गैंग की आमने - सामने की मुठभेड़ हुई। जिसमें डकैत गुड्डा गुर्जर को पैर में गोली लगी है। गोली लगने से वह घायल हो गया। एनकाउंटर रात करीब 8 बजे हुआ। अंधेरे का फायदा उठाकर गुड्डा के 3 साथी फरार हो गए।
ADG डी श्रीनिवास वर्मा ने बताया कि डकैत गुड्डा के पैर में गोली लगी है। उसके पास से एक 315 बोर की बंदूक मिली है। गुड्डा पर 3 हत्या, 5 हत्या के प्रयास के मामले दर्ज है। साथ ही 28 से 30 डकैती के मामले दर्ज है। गुड्डा पर 60 हजार रुपए का इनाम था।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने डकैत गुड्डा गुर्जर की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। इससे पहले सीएम शिवराज सिंह ने गुड्डा गुर्जर को लेकर आईजी को वीडियो कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि डकैत गुड्डा गुर्जर की वजह से प्रदेश की छवि खराब हो रही है। उसका तुरंत सफाया करो। CM के आदेश के बाद ग्वालियर-चंबल बेल्ट की पुलिस एक्शन में आई।एडीजी डी श्रीनिवास ने बताया कि पुलिस को घाटीगांव इलाके में डकैत गुड्डा गुर्जर के होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद ग्वालियर क्राइम ब्रांच और घाटीगांव पुलिस सर्चिंग के लिए बसोटा के जंगल में पहुंची थी। जहां पर पुलिस और डकैत के बीच आमने सामने फायरिंग के बाद गिरफ्तार किया।
इससे पहले पुलिस ने चंबल के इनामी डकैत गुड्डा गुर्जर के 4 परिजनों को गिरफ्तार किया। उन पर डकैत की मदद करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि डकैत की भतीजी खाने-पीने का सामान और कारतूस पहुंचाने जा रही थी। डकैत गुड्डा के भतीजे को उसका मोबाइल फोन सर्विलांस पर लेकर पकड़ा है।
पुलिस ने बताया कि गुड्डा की भतीजी प्रीति गुर्जर (18) एक झोले में सामान लेकर अकेली जा रही थी। उससे 15 कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने प्रीति के पिता पप्पू गुर्जर (गुड्डा का बड़ा भाई) और भतीजा यशवीर गुर्जर उर्फ यश (19) को भी गिरफ्तार किया है। प्रीति और यशवीर अपने मौसा श्रीकृष्ण गुर्जर के पास मुरैना के सिविल लाइन इलाके के पास रहते हैं। दोनों पिछले 2-3 साल से यहीं हैं। पुलिस ने श्रीकृष्ण गुर्जर को भी अरेस्ट कर जेल भेज दिया है।
पिता को कॉल करते ही पकड़ा गया
मुरैना पुलिस की साइबर टीम विंडवा क्वारी गांव के पास मौजूद रामभजन का पुरा में पहुंची। पुलिस ने गुड्डा के भतीजे यशवीर गुर्जर के मोबाइल को सर्विलांस पर रखा था। यशवीर ने जैसे ही मोबाइल से अपने पिता से कॉन्टैक्ट किया, पुलिस ने इसे ट्रेस कर लिया। पुलिस यशवीर और प्रीति दोनों को पकड़ लाई। इसके बाद उनसे मोबाइल से बात कराकर पुलिस ने पप्पू गुर्जर और उसके साढ़ू श्रीकृष्ण गुर्जर को गिरफ्तार किया। प्रीति और उसके भाई को 6 नवंबर की शाम 4 बजे पकड़ा गया था।
प्रीति के झोले में मिले कारतूस और राशन
बानमोर पुलिस ने प्रीति गुर्जर को अपने इलाके से गिरफ्तार करना दर्शाया है। पुलिस को पता लगा था कि प्रीति सेवा गांव के आगे सूरे का पुरा में मौजूद है। वह गुड्डा से मिलने जा रही है। बानमोर थाने के SI पीएस यादव रात में गश्त पर थे। वे मौके पर पहुंचे। प्रीति अकेली जा रही थी। उसके हाथ में एक झोला था।
पुलिस ने झोले को खुलवाया, तो इसमें 315 बोर राइफल के 15 कारतूस, 6 बिस्किट के पैकेट, बीड़ी का पैकेट, दालमोठ का पैकेट, माचिस का पैकेट, दाल और चावल मिले। पूछताछ में प्रीति ने स्वीकारा कि वह यह सामान चाचा गुड्डा को देने जा रही थी। 7 नवंबर की रात 3 बजे पुलिस ने यह गिरफ्तारी दर्शाई है।
पहाड़गढ़ थाना पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर 2022 की सुबह दबिश देकर गुड्डा गुर्जर के बड़े भाई पप्पू गुर्जर, उसके साढ़ू श्रीकृष्ण गुर्जर को उसके गांव विंडवा क्वारी के पास रामभजन का पुरा स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया है।