Home > राज्यो से ,
गुजरात में AAP को महज 3 सीटों का अनुमान, एक और सर्वे में चौंकाने वाला नतीजा

गुजरात में आम आदमी पार्टी ने आज अपने सीएम फेस की घोषणा की है। सूबे में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। यहां 1 और 5 दिसंबर को वोटिंग होने जा रही है। चुनाव तारीखों के ऐलान के बाद एक ओपिनियन पोल ने यह अनुमान लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी को कुल 119 सीटों पर जीत मिलेगी। वहीं आम आदमी पार्टी को केवल 3 सीट से संतोष करना होगा। यह ओपिनियन पोल इंडिया टीवी ने जारी किया है।

किसको कितने वोट?
इंडिया टीवी के इस सर्वे के अनुसार, गुजरात में कांग्रेस को 59 सीटों पर जीत मिल सकती है। वहीं इस सर्वे में बताया गया है कि आम आदमी पार्टी को केवल 3 सीटें मिल रही हैं। सर्वे में भाजपा को सबसे ज्यादा वोट मिलने की बात की गई है। कुल वोट शेयर में से 52% वोट भाजपा के खाते में जाएंगे तो वहीं कांग्रेस के खाते में 35% वोट पड़ेंगे। आम आदमी पार्टी जो पूरे जोर-शोर के साथ गुजरात चुनाव में जुटी हुई है उसे इस सर्वे के अनुसार केवल 9% वोट से संतोष करना होगा।आज सी वोटर ने भी अपना ओपिनियन पोल जारी किया है। सी वोटर के सर्वे के मुताबिक, बीजेपी 131-139 सीटें जीत सकती है। यदि ऐसा होता है तो यह भाजपा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन होगा। भाजपा ने इससे पहले 2002 में अधिकतम 127 सीटों पर कब्जा किया था। सर्वे के मुताबिक, 2017 में 77 सीटें जीतने वाली कांग्रेस 31-39 सीटें जीत सकती है। पहली बार सभी सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही 'आप' 7-15 सीटें हासिल कर सकती है। अन्य को 0-2 सीटें मिल सकती है।

Share This News :