वाघेला जूनियर की 'घर वापसी' से कांग्रेस को होगा फायदा, पूर्व CM पिता के लिए भी खुले दरवाजे
पूर्व कांग्रेसी नेता महेंद्र सिंह वाघेला की 'घर वापसी' हो चुकी है। वाघेला के कांग्रेस में वापस आने के पीछे और भी कई मायने निकाले जा रहे हैं। दरअसल गुजरात विधानसभा चुनाव से ठीक पहले महेंद्र सिंह वाघेला के पिता शंकरसिंह वाघेला भी घर वापसी कर सकते हैं। शंकरसिंह वाघेला गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं। 2017 में, महेंद्र सिंह वाघेला ने अपने पिता, शंकर सिंह वाघेला के नक्शेकदम पर चलते हुए कांग्रेस छोड़ी थी। यह माना जाता था कि उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि पिता बेटे के राजनीतिक करियर को मजबूत करना चाहते थे।
महेंद्र सिंह उस समय अरावली जिले के बयाद से कांग्रेस विधायक थे। वे उन 14 विधायकों में शामिल थे, जिन्होंने राज्यसभा चुनाव से पहले इस्तीफा दे दिया था। इन विधायकों में महेंद्र सिंह के पिता भी शामिल थे जो उस समय गुजरात विधानसभा में विपक्ष के नेता भी थे। इन्होंने अगस्त 2017 में भाजपा के एक उम्मीदवार के पक्ष में राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की थी और बाद में पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, इसके बावजूद कांग्रेस उम्मीदवार दिवंगत अहमद पटेल ने भाजपा के बलवंत सिंह राजपूत को हरा दिया था।
हालांकि अब तमाम गिले शिकवों के बाद, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला के पुत्र महेंद्र सिंह वाघेला राज्य विधानसभा चुनाव से पहले शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस की गुजरात इकाई के अध्यक्ष जगदीश ठाकोर ने यहां पार्टी मुख्यालय में 58 वर्षीय पूर्व विधायक का स्वागत किया। महेंद्र सिंह वाघेला ऐसे समय में कांग्रेस में शामिल हुए हैं जब गुजरात में दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह बिना किसी अपेक्षा के कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं और अगर पार्टी चाहेगी तो वह चुनाव लड़ेंगे।