मां की शिकायत करने वाले बच्चे को गृह मंत्री की तरफ से मिला तोहफा
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में 3 साल के मासूम का मां की डांट की शिकायत पुलिस से किए जाने का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था। जिसके बाद मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस मासूम बच्चे से वीडियो काल पर बात की और दिवाली त्योहार पर बतौर उपहार चॉकलेट और साइकिल देने का वायदा भी किया। और पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढ़ा के निर्देश पर खकनार थाना प्रभारी के पी धुर्वे ने घर जाकर बच्चे को चॉकलेट और साइकिल बच्चे को तौफे के रूप में दे दी है।
दरअसल मासूम बच्चे का ये वायरल वीडियो गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को इतना पसंद आया कि उन्होंने न सिर्फ मासूम से वीडियो काल पर बात की, बल्कि दिवाली त्योहार पर बतौर उपहार चॉकलेट और साइिकल देने का वायदा भी किया। और उस वादे को उन्होंने आज ही पूरा भी किया।
बता दें कि यह मामला बुरहानपुर शहर की देड़तलाई पुलिस चौकी का है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। बुरहानपुर के देड़तलाई पुलिस चौकी में एक 3 साल का मासूम अपनी मां की शिकायत करने पहुंच गया। तीन साल के बेटे को नहला-धुलाकर मां ने नजर से बचाने काजल का टीका लगाना चाहा। बेटा इससे ना-नुकुर करने लगा। इस पर मां ने उसे प्यार से गाल पर मार दिया। यह बात बेटे को इतनी नागवार गुजरी कि वह मां की शिकायत करने पुलिस चौकी पहुंच गया।
जहां बच्चे ने पुलिस से कहा मम्मी मेरी कैंडी और चॉकलेट चुरा लेतीं हैं। उनको जेल में डाल दो। मासूम बच्चे की यह शिकायत सुन पुलिस सहित मौजूद लोग हंसी छूट गई। चौकी प्रभारी ने कागज उठाकर बच्चे की दिखावटी शिकायत लिखी। इस पर बच्चे को हस्ताक्षर करने को कहा। उसने भी पेन थाम कर कागज पर आड़ी-तिरछी लकीरें उकेर दीं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि रविवार सुबह मां अपने 3 साल के बेटे को तैयार कर रही थी। काजल नहीं लगवाने पर मां ने उसे डांट दिया तो बच्चा पिता के साथ पुलिस के पास चलने की जिद करने लगा। पिता उसे ले भी गए। और थाने में उसने बताया कि मम्मी ने मुझे मारा है। वो मेरी चॉकलेट छीन लेती हैं। उन्हें जेल में डाल दो।