भारत जोड़ों पदयात्रा अब उज्जैन आएगी ,सियासी गर्माहट को मिलेगा बल
बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में श्री महाकाल लोक के पहले चरण का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह से पहले ही भाजपा और कांग्रेस के बीच श्री महाकाल लोक के निर्माण का श्रेय लेने की होड़ मची हुई थी। लेकिन अब कांग्रेस ने श्री महाकाल लोक का क्रेडिट लेने के लिए राहुल गांधी की भारत जोड़ों पदयात्रा उज्जैन की तरफ मोड़ दी है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी उज्जैन में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। जनसभा आयोजित कर कांग्रेस पार्टी लोगों को बताएगी कि श्री महाकाल लोक पूर्व मुख्यमंत्री और पीसीसी अध्यक्ष कमलनाथ की देन है। ये भी बताएगी कि श्री महाकाल लोक कांग्रेस की परिकल्पना का नतीजा है।
दरअसल श्री महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद से ही संगठन कमलनाथ सरकार की उपलब्धि बनाने की जुगत में लगी हुई है। कांग्रेस 2023 में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती और यही वजह है कि पार्टी धार्मिक एजेंडे के तहत मध्य प्रदेश की सत्ता तक पहुंचने की तैयारी में जुटी हुई है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा के लोग रावण की तरह रथ यात्रा करते हैं लेकिन राहुल गांधी राम की तरह पद यात्रा कर रहे हैं।