Home > राज्यो से ,
'महाकाल लोक' का बदलने वाला है नाम? CM शिवराज ने बताया किस नाम से जाना जाएगा

मध्य प्रदेश का उज्जैन इन दिनों सुर्खियों में है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्जैन के महाकाल लोक का उद्घाटन किया। शिव भक्तों के लिए उज्जैन नगरी हमेशा से आस्था का केंद्र रही है। बता दें कि महाकाल लोक का काम अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। सिर्फ पहले चरण का काम अभी पूरा हुआ है। एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महाकाल लोक के दूसरे चरण का काम शुरू हो चुका है। काम तेजी से हो रहा है। सीएम ने कहा कि दूसरे चरण का काम पूरा हो जाने के बाद 'श्री महाकाल लोक' को 'श्री महाकाल महालोक' के नाम से जाना जाएगा। यानी जब 'महाकाल लोक' पूरी तरह से बन कर तैयार हो जाएगा तो उसे 'श्री महाकाल महालोक' के नाम से जाना जाएगा। चौहान ने कहा कि दूसरे चरण में शिखर दर्शन, ध्यान कक्षा, 10वीं शताब्दी के निकले मंदिरों को व्यवस्थित करना और महाराजवाड़ा हेरिटेज धर्मशाला का निर्माण किया जाएगा।

सीएम चौहान ने कहा कि 47 हेक्टेयर का यह विशाल परिसर भारत की आध्यात्मिक ऊर्जा का अलौकिक केंद्र होगा। बता दें कि आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाकाल लोक के दूसरे चरण के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इसी मौके पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही।

कुछ दिनों पहले भारत के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक बड़ा ऐलान किया था। नितिन गडकरी ने उज्जैन रेलवे स्टेशन से महाकाल मंदिर तक 2 किलोमीटर लंबाई के रोप-वे के टेंडर को मंजूरी दे दी है। यह टेंडर कुल 209 करोड़ रुपए लागत की है।

Share This News :