गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने हुक्का बार को लेकर यह कहा ....
मध्य प्रदेश में हुक्का बार पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। जिसके लिए शिवराज सरकार ने इस पर काम शुरू कर दिया है। एमपी में सबसे पहले अवैध हुक्का बार बंद किए जाएंगे। और अब सरकार हुक्का बार पर प्रतिबंध लगाने के लिए नियम में जरूरी संशोधन करने जा रही है। प्रदेश में आवश्यक संशोधन के जरिए हुक्का बार चलाने वालों पर जुर्माना और सजा बढ़ाने का प्रावधान रहेगा।
इसे लेकर प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद विज्ञापन का प्रतिषेध और व्यापार तथा वाणिज्य उत्पादन प्रदाय और वितरण विनियमन अधिनियम 2003 में संशोधन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब राज्य सरकार नए संशोधन कानून के तहत हुक्का बार पर कार्रवाई करने की तैयारी में है। प्रदेश में हुक्का बार के लिए अब तक ऐसा कोई नियम नहीं होने के कारण सरकार सीधे तौर पर कोई भी कार्रवाई नहीं कर पा रही थी। लेकिन अब आवश्यक संशोधन के जरिए हुक्का बार चलाने पर जुर्माना और सजा बढ़ाने का प्रावधान भी रहेगा।
गृह मंत्री ने कहा कि नए कानून में हुक्का बार चलाने वाले को एक से तीन साल तक की सजा व एक लाख तक का जुर्माना का प्रावधान है। और अंतिम मंजूरी होते ही यह कानून लागू हो जाएगा। गृह मंत्री ने कहा कि अभी तक हुक्का बार के लिए प्रभावी कानून नही होने के कारण हुक्का बार चलाने वालो के खिलाफ धारा 144 के तहत ही कार्यवाही की जाती हैं जो ज्यादा प्रभावी नहीं होती है। लेकिन अब इस नए कानून बनने के बाद अब हुक्का बार चलाना गंभीर अपराध की श्रेणी में आ जाएगा।