पीला गमछा, माथे पर तिलक; सियासी संदेश दे CBI के पास सिसोदिया, गिरफ्तारी की आशंका
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने शराब नीति में हुए कथित घोटाले को लेकर पूछताछ के लिए बुलाया है। एजेंसी ने उन्हें सुबह 11 बजे अपने समक्ष पेश होने के लिए रविवार को समन भेजा। डिप्टी सीएम मां का आशीर्वाद लेकर सीबीआई हेडक्वार्टर के लिए घर से निकल गए हैं। इस दौरान उन्होंने गले में पीला गमछा डाला हुआ था और माथे पर तिलक भी लगाया था। उन्होंने इस पूछताछ को गुजरात चुनाव से जोड़ते हुए खुद को गिरफ्तार किए जाने की आशंका जताई है। आप नेता का कहना है कि बीजेपी का लक्ष्य उन्हें चुनाव प्रचार से रोकना है। साथ ही कहा कि मेरे खिलाफ पूरा केस फर्जी है। इन्हें कुछ नहीं मिला।सीबीआई ऑफिस जाने से पहले डिप्टी सीएम ने ट्वीट कर कहा, 'मेरे खिलाफ पूरी तरह से फर्जी केस बनाकर इनकी तैयारी मुझे गिरफ्तार करने की है। मुझे आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार के लिए गुजरात जाना था। ये लोग गुजरात बुरी तरह से हार रहे हैं। इनका मक़सद मुझे गुजरात चुनाव प्रचार में जाने से रोकना है।'
उन्होंने कहा कि गुजरात का चुनाव आंदोलन होगा। मेरे जेल जाने पर भी प्रचार नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा, 'लेकिन मेरे जेल जाने से गुजरात का चुनाव प्रचार रुकेगा नहीं। आज हर गुजराती खड़ा हो गया है। अच्छे स्कूल, अस्पताल, नौकरी, बिजली के लिए गुजरात का बच्चा बच्चा अब चुनाव प्रचार कर रहा है। गुजरात का आने वाला चुनाव एक आंदोलन होगा।'
केस को पूरी तरह से फर्जी बताते हुए दिल्ली के मंत्री ने कहा, 'मेरे खिलाफ एक पूरी तरह से फर्जी केस बनाया हुआ है। मेरे घर रेड की, कुछ नहीं मिला, मेरे सारे बैंक लॉकर देखे, कुछ नहीं मिला, मेरे गांव में जाकर सारी जांच की, कुछ नहीं मिला। ये केस पूरी तरह से फर्जी है।