बीजेपी विधायक को दो महीने की जेल
कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक को चुनावी हलफनामें में जानकारी छुपाना भारी पड़ गया। बेंगलुरु में एक स्थानीय अदालतन ने गुरुवार को विधायक उदय गरुड़ाचार को दो महीने की कैद की सजा सुनाई है। इस संबंध में एक व्यक्ति द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद गरुड़ाचार को जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत दोषी पाया गया है। सजा दो साल से कम होने के कारण अदालत ने उन्हें ऊपरी अदालत में अपील करने की अनुमति देते हुए जमानत दे दी। गरुड़ाचार को 25000 रुपए के निजी मुचलके और जमानत राशि पर रिहा किया गया।
अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अदालत ने गरुड़ाचार को अपने खिलाफ दो लंबित आपराधिक मामलों का उल्लेख करने में विफल रहने और निजी कंपनी में प्रबंध निदेशक होने की बात छुपाने के लिए जेल की सजा सुनाई और 10000 रुपए का जुर्माना लगाया। उदय गरुड़ाचार ने 2018 में बेंगलुरु के चिकपेट विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा और बीजेपी के टिकट पर जीत हासिल की। यह हलफनामा 18 अप्रैल 2018 को दाखिल किया गया था।
निदेशक की जगह खुद को बताया था निवेशक
यह आरोप लगाया गया था कि गरुड़ाचार निजी कंपनी के प्रबंध निदेशक थे, लेकिन उनके हलफनामे में उनका उल्लेख केवल एक निवेशक के रूप में किया गया था। उनकी पत्नी उसी कंपनी की निदेशक थीं, जिसका जिक्र भी चुनावी हलफनामे में भी नहीं था। यह भी पाया गया कि उन्होंने हलफनामे में अपनी पत्नी के बैंक खाते के विवरण का उल्लेख नहीं किया था।आरोपों में कहा गया था कि हलफनामे में आरोपी को अपनी पत्नी का बैंक बैलेंस का विवरण देना था। लेकिन उसने उक्त हलफनामे को दाखिल करने की तिथि के अनुसार उनके खाते में वास्तविक शेष राशि का उल्लेख नहीं किया। आरोपी ने हलफनामे में यह भी कहा कि वह निजी कंपनी और अन्य में निवेशक है...। सजा सुनाते हुए अदालत ने कहा कि विधायक के खिलाफ आरोप साबित हुए हैं।