इस इलेक्ट्रिक कार की बुकिंग शुरू, सिंगल चार्ज पर 521km दौड़ेगी; इतने लाख रुपए हो सकती है कीमत
चीनी कार मेकर BYD ने अपनी इलेक्ट्रिक SUV Atto 3 की बुकिंग शुरू कर दी है। जो लोग इस इलेक्ट्रिक कार को खरीदना चाहते हैं वे 50 हजार का टोकन अमाउंट देकर इसे बुक कर सकते हैं। कंपनी का कहना है कि वो पहली 500 बुकिंग की डिलिवरी जनवरी 2023 में करेगी। साथ ही, अगले साल वो देश में 15,000 लोकली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट बेचने का प्लान बना रही है। Atto 3 के साथ ग्राहकों को इंट्रोडक्टरी प्रमोशनल पैकेज भी मिल रहा है। इसमें एक 7kW वॉल चार्जर, एक 3kW पोर्टेबल चार्जिंग बॉक्स, 3 साल के लिए 4G डाटा का फ्री सब्सक्रिप्शन (2GB महीना) मिलेगा। इसके साथ, 6 साल के लिए रोडसाइड असिस्टेंस और 6 फ्री लेबर कॉस्ट मेंटेनेंस दिया जाएगा।
दिसंबर में Atto 3 की कीमत से पर्दा उठाया जाएगा। माना जा रहा है कि इसकी कीमत 30 लाख रुपए के करीब हो सकती है। ऐसा होता है तब ये भारतीय बाजार में MG ZS EV और हुंडई कोना इलेक्ट्रिक को सीधा मुकाबला देगी। कंपनी अपनी कारों का प्रोडक्शन चेन्नई के पास श्रीपेरंबुदूर प्लांट में करेगी।
सिंगल चार्ज पर 521km की रेंज
BYD की Atto 3 इलेक्ट्रिक कार में 60.49kWh का बैटरी पैक दिया है। कंपनी का दावा है इस बैटरी पैक से ये कार 521km की रेंज देगी। कार में एक परमानेंट मैग्नेट सिंक्रोनस इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल किया गया है, जो 201bhp मैक्सिमम पावर और 310 Nm टार्क जनरेट करने में सक्षम है। यह कार 0 से 100 kmph की स्पीड मात्र 7.3 सेकेंड में पकड़ सकती है। कंपनी का दावा है कि ये 50 मिनट में होगी 80% तक चार्ज हो जाएगी।
कई शानदार फीचर्स से लैस
BYD Atto 3 में 5-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया है। इसमें 12.8-इंच का रोटेटिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया है, जो एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले के सपोर्ट करता है। कार में 4-वे एडजस्टेबल फ्रंट पैसेंजर सीट, ड्राइवर और फ्रंट पैसेंजर हीटेड सीट्स, सीट बेल्ट रिमाइंडर सिस्टम, 6-वे पावर एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, हिल डिसेंट कंट्रोल, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, पीएम 2.5 एयर फिल्टर, सिंथेटिक लेदर सीट्स, वायरलेस फोन चार्जिंग, पैनोरमिक सनरूफ जैसे फीचर्स दिए हैं।
कई सेफ्टी फीचर्स से लैस
सेफ्टी के लिए BYD Atto 3 में 7 एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा, ट्रैक्शन कंट्रोल सिस्टम, रियर पार्किंग सेंसर, इलेक्ट्रॉनिक और स्पीड अलर्ट सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, ब्रेक-फोर्स डिस्ट्रीब्यूशन के साथ एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम, लेवल 2 ADAS सिस्टम, माउंटेड कंट्रोल के साथ फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग जैसे कई फीचर्स मिलते हैं।भारत में 200 मिलियन डॉलर का निवेश करेगी
BYD इंडिया के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर केत्सु झांग ने कहा, "हमने अगले साल भारत में BYD-Atto 3 की 15,000 यूनिट बेचने का प्लान तैयार किया है। हम भारत में 200 मिलियन डॉलर से अधिक का निवेश करके इसे लोकली असेंबल तैयार करने की योजना बना रहे हैं। BYD ने अपनी इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री दुनियाभर के कई देशों में शुरू कर चुकी है। इसमें नॉर्वे, न्यूजीलैंड, सिंगापुर, ब्राजील, कोस्टा रिका और कोलंबिया सहित कई देश शामिल हैं। कंपनी 2023 तक जापान में अपनी ईवी की बिक्री शुरू कर सकती है। वहीं, थाईलैंड में भी प्लांट लगाने की तैयारी में है।