Home > अपना शहर ,
डीएलसीसी में गैर हाजिर रहे बैंकों के समन्वयकों के खिलाफ होगी कार्रवाई

त्रैमासिक बैठक में प्रभारी कलेक्टर ने दिए निर्देश

जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति (डीएलसीसी) की बैठक में गैर हाजिर रहे बैंकों के समन्वयकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने इन बैंकों के समन्वयकों के खिलाफ भारतीय रिजर्व बैंक और संबंधित बैंक के वरिष्ठ कार्यालय को पत्र लिखकर कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई डीएलसीसी की त्रैमासिक बैठक में यूको बैंक, इलाहबाद बैंक, आंध्रा बैंक व इंडियन ओव्हरसीज बैंक के समन्वयक नहीं पहुँचे थे।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह ने विभिन्न बैंकों के समन्वयकों को सचेत करते हुए कहा कि सभी बैंक समय सीमा के भीतर स्वरोजगारमूलक योजनाओं में ऋण वितरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा भोपाल में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित हुई एसएलबीसी (राज्य स्तरीय बैंकर्स सलाहकार समिति) बैठक में सभी बैंकों के राज्य स्तरीय समन्वयकों ने भरोसा दिलाया था कि सरकार द्वारा संचालित स्वरोजगारमूलक योजनाओं में 31 दिसम्बर तक ऋण वितरण कर दिया जायेगा। जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि जिले में स्थित सभी बैंको के समन्वयक इस निर्णय का गंभीरता से पालन करें। उन्होंने कहा कि कम राशि के ऋण स्वीकृत करते समय हितग्राहियों से गारंटी कदापि न मांगी जाए।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री नीरज कुमार सिंह ने बैंकर्स से कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले में अभियान बतौर शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। इसलिये हितग्राहियों को शौचालय निर्माण के लिये तत्परता से राशि जारी की जाए।

प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा ने ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के माध्यम से सहरिया परिवारों के हितग्राहियों को प्रशिक्षित करने के लिये विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश भी बैठक में दिए।

डीएलसीसी की बैठक में खासतौर पर मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना व मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में तत्परता से ऋण अनुदान वितरण करने पर विशेष बल दिया गया। प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ ने कहा कि यह योजनायें सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं। इसलिये इनमें जल्द से जल्द ऋण अनुदान वितरित कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोगी बनें। बैठक में इसके अलावा अंत्यावसायी, राष्ट्रीय शहरी व ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास मिशन, शहरी व ग्रामीण आवास मिशन, हैण्डलूम, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम इत्यादि स्वरोजगारमूलक योजनाओं के तहत किए गए ऋण वितरण की बैंकवार समीक्षा की गई।

      बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि श्री मनोज, नाबार्ड के सहायक महाप्रबंधक श्री संजीव रमन, लीड बैंक अधिकारी श्री डी के जैन तथा विभिन्न बैंकों के समन्वयक व संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Share This News :