Home > अपना शहर ,
कैशलेस व्यवस्था महाविद्यालयों में कैम्पस एम्बेसडर चलायेंगे जन-जागरण कार्यक्रम प्रशिक्षण कार्यशाला आज

जिले में कैशलेस व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिये चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रम में महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को भी जोड़ा गया है। इस कड़ी में विभिन्न महाविद्यालयों में जागरूक विद्यार्थियों को कैम्पस एम्बेसडर नियुक्त किया जा रहा है। अब तक दो दर्जन विद्यार्थी चिन्हित किए जा चुके हैं। इन सभी को कैशलेस व्यवस्था के संबंध में 24 दिसम्बर को कार्यशाला के माध्यम से प्रशिक्षित किया जायेगा। इस दिन यह कार्यशाला अपरान्ह 4 बजे प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट के सभागार में होगी।

जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को कैशलेस व्यवस्था से जोड़ने के लिये विभिन्न महाविद्यालयों से विद्यार्थियों के नाम मांगे गए थे। जिले के 7 महाविद्यालयों द्वारा दो दर्जन से अधिक विद्यार्थियों के नाम जिला प्रशासन को भेजे हैं। इन उच्च शिक्षा संस्थानों में राजा मानसिंह तोमर संगीत एवं कला विश्वविद्यालय, साइंस कॉलेज, आईटीएम यूनिवर्सिटी, केआरजी कॉलेज, संस्कृत महाविद्यालय, पीजीव्ही कॉलेज और डबरा का एक कॉलेज शामिल है।

शनिवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित होने जा रही प्रशिक्षण कार्यशाला में प्रभारी कलेक्टर श्री शिवराज वर्मा व जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्री संजय पाण्डेय सहित अन्य विषय विशेषज्ञों द्वारा ऑनलाईन पेमेन्ट तथा कैशलेस व्यवस्था से संबंधित अन्य बारीकियाँ विद्यार्थियों को बताई जायेंगी।

Share This News :