Home > राज्यो से ,
'एक शिवराज भाजपा, दूसरी महाराज भाजपा, तीसरी नाराज भाजपा'

कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह (Jaivardhan Singh) ने ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) पर कटाक्ष करते हुए उन्हें गुटबाजी का कारण बताया है। उन्होने कहा कि सिंधिया जब कांग्रेस (Congress) में थे तब यहां गुटबाजी होती थी, अब वो भाजपा (BJP) में हैं तो वहां गुटबाजी चल रही है। जयवर्धन सिंह कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेने ओरछा पहुंचे थे और यहां वे वरिष्ठ कांग्रेस नेता बालकृष्ण दुबे के घर पर पत्रकारों से बात कर रहे थे।

सीएम शिवराज पर साधा निशाना

जयर्वधन सिंह ने इस मौके पर सीएम शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) पर भी निशाना साधा। उन्होने कहा कि वे 4 बार से मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं लेकिन इतने लंबे कार्यकाल के बाद भी जिस तरह उनका कंट्रोल रहना चाहिए, वो नहीं है। जयवर्धन सिंह ने कहा कि जो पाप करके राज करने का प्रयास करेगा वो कभी सफल नहीं हो पाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता ने करीब 4 साल पहले कांग्रेस पार्टी को अपना मत दिया था, लेकिन आज जो सरकार है वो सौदे से बनी सरकार है। उन्होंने कहा कि जो पोषण आहार गरीब बच्चों के लिए, गर्भवती महिलाओं के लिए था, उसे अवैध रूप से बेच दिया गया। हजारों करोड़ का घोटाला कर दिया गया। सरकार प्रदेश के गरीबों का पेट नहीं भर पा रही, लेकिन जो चीते आए उनके लिए 200 हिरण भेजे ताकि उनका पेट भरा रहे। ये मध्यप्रदेश की स्थिति है। लम्पी वायरस से गौ माताओं की मौत हो रही है उस पर मामा कुछ नहीं बोल रहे लेकिन चिताओं की चिंता हो रही है।

महाराज जब कांग्रेस में थे तब होती थी गुटबाजी

कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर उन्होंने कहा कि जब ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस में थे तब गुटबाजी की चर्चा जरूर होती थी, लेकिन जब से महाराज का प्रवेश भाजपा में हुआ है, तब से भाजपा की वही स्थिति हो गई है। हमारे गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी असंतुष्ट हैं, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा अलग चल रहे हैं, मामा अलग चल रहे हैं, महाराज अलग चल रहे हैं और कैलाश विजयवर्गीय का अलग ही एक रोल है। बीजेपी पर तंज कसते हुए जयवर्धन सिंह ने कहा कि चर्चा है कि भाजपा के भी तीन गुट हो गए है। एक है शिवराज भाजपा, दूसरी महाराज भाजपा और तीसरी नाराज भाजपा। पूरे प्रदेश में चर्चा है कि सीएम के पद और प्रदेश अध्यक्ष के पद में परिवर्तन होने वाला है। हमारा विजन क्लियर है कि 2023 में हमारा चेहरा कमलनाथ का ही होंगे, पूरी कांग्रेस उनके पीछे खड़ी हैं।

भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी 18 दिन मध्यप्रदेश में

इस मौके पर उन्होने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) को लेकर भी बात की और कहा कि राहुल गांधी (Rahul Gandhi) दो माह बाद मध्यप्रदेश में प्रवेश करेंगे। वे बुरहानपुर से यात्रा की शुरूआत करेंगे और फिर खंडवा, इंदौर उज्जैन से यात्रा आगर मालवा होते हुए राजस्थान पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात होगी कि राहुल गांधी 18 दिनों तक हमारे साथ रहेंगे। इस मौके पर उषा ठाकुर के भारत को खंड-खंड करने वाले बयान का जिक्र करते हुए जयवर्धन सिंह ने कहा कि मैं उनसे अनुरोध करता हूं वे नफरत फैलाने का काम ना करे। कांग्रेस का नफरत छोड़ो भारत जोड़ो ही उद्देश्य है।

Share This News :