क्या महाराज की वजह से विलुप्त हुआ चीता?
मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में कूनो नेशनल पार्क में 17 सितंबर को अफ्रीकी चीते देखने मिलेंगे। यहां चीतों को लाने की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। चीतों को लाने के लिए श्योपुर में पांच हेलीपैड बनाए गए हैं। इनमें से दो पर अफ्रीकी चीतों को लाया जाएगा जबकि तीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काफिले के लिए बनवाए गए हैं।
दरअसल 1952 में भारत में चीतें को विलुप्त वन्य जीव घोषित कर दिया था। इसलिए 70 साल बाद इंतजार की घड़ियां खत्म होने वाली है जब देश की धरती पर एक बार चीता अपनी दस्तक दे देगा। ऐसा बताया जाता है कि 1948 में छत्तीसगढ़ के सरगुजा स्टेट की कोरिया रियासत के महाराजा रामानुज प्रताप सिंहदेव ने देश के आखिरी तीन चीतों का शिकार किया था। और इसी के बाद से भारत में चीतों को नहीं देखा गया था।
जानकारी के अनुसार महाराज रामानुज प्रताप सिंहदेव शिकार के बेहद शौकीन थे। उन्होंने अपने जीवन काल में कई बाघ, तेंदुए, हिरण, चीता, बारहसिंगा जैसे अनेक जानवरों का शिकार किया। जिसकी गवाही आज भी रामानुज पैलेस की दीवारों पर टंगे सिर देते हैं। शिकार के शौकीन 1948 में रामानुज प्रताप सिंहदेव बैकुंठपुर से लगे एक गांव के समीप एक जंगल में शिकार करने गए थे। क्योंकि ग्रामीणों ने जंगली जानवार के हमले की बात की कही थी।बताया जाता है कि ग्रामीणों ने आदमखोर जंगली जानवर की शिकायत रामानुज प्रताप सिंहदेव से की थी। जिसके बाद महाराज शिकार के लिए निकल पड़े और उन्होंने एक साथ तीन चीतों का मार गिराया। शिकार किए गए तीनों नर चीते थे और पूरी तरह वयस्क भी नहीं हुए थे। और परंपरा के मुताबिक महाराज ने तीनों मृत चीतों के साथ बंदूक लिए फोटो खिंचाई। ऐसा माना जाता है कि यह तीन चीते भारत के आखिरी चीते थे और उसके बाद भारत में कभी चीते नहीं देखे गए।
वहीं अब जब भारत में चीतों की दोबारा वापसी हो रही है तब अचानक से महाराजा रामानुज प्रताप सिंहदेव के भारत के आखिरी चीतों के शिकार की बात फिर सुर्खियों में है। जब मीडिया की खबरों में महाराजा रामानुज प्रताप सिंह को भारत के आखिरी चीतों के हत्यारों के तौर पर पेश किया जा रहा है वहीं उनकी पोती अंबिका सिंहदेव ने इस पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
इसे लेकर अंबिका सिंहदेव ने कहा कि यह जरूर सच है कि मेरे बाबा ने चीतों का शिकार किया था लेकिन इसके कोई आधिकारिक प्रमाण नहीं है कि वह देश का आखिरी चीता था।उनके पिता रामचंद्र सिंहदेव से कहना था कि महाराज रामानुज प्रताप सिंह के चीतों का शिकार करने के बाद भी इस इलाके में चीते देखे गए थे। हलांकि अंबिका सिंहदेव ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों से चीतों के शिकार का पूरा वकाया सुना है।
बता दें कि रामानुज प्रताप सिंहदेव के पुत्र रामचंद्र सिंहदेव भी मानते थो कि महाराजा रामानुज प्रताप सिंह के चीतों के शिकार करने की घटना के बाद भी उसी इलाके में ढाई-तीन साल बाद भी चीते देखे थे, जहां शिकार किया गया था। उन्होंने बताया था कि जिन चीतों का शिकार किया गया था वह पूरी तरह वयस्क नहीं थे तो उन चीतों के माता-पिता जंगल में क्यों किसी को नहीं मिले।
हालांकि जानकारी के अनुसार चीतों के आने की तैयारी करीब एक साल से चल रही है। जबसे चीतो के लाने की योजना पर काम शुरू हुआ, तबसे संख्या अप्रत्याशित रूप से बढ़ी है। बताया जा रहा है कि साल 2021 में 1234 पर्यटक आए और इस साल जनवरी से जून महीने के अंत तक 1403 पर्यटक कूनों घूम चुके है। एक अधिकारी ने बताया कि कूनो में पर्यटक बीते साल से बढ़ रहे हैं, इस साल छह महीने में ही 13 साल में सर्वाधिक पर्यटक आए हैं। 30 सितंबर को सेक्चुरी के गेट खुलेंगे तो पर्यटकों की संख्या बढ़ना तय है, पर्यटकों को सुविधाएं देने हम पूरी तरह तैयार है।