926 करोड़ की परियोजना में चंबल से लायेंगे ग्वालियर के लिये पानी : मुख्यमंत्री चौहान
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ग्वालियर विकास की नई उड़ाने भर रहा है, इसे और गति दी जायेगी। उन्होंने घोषणा की कि लगभग 926 करोड़ रूपए की लागत की परियोजना में चंबल और कोतवाल डैम से ग्वालियर के लिये पानी लायेंगे, जिससे शहर के सभी 66 वार्डों में दीर्घकाल तक पेयजल की आपूर्ति हो सकेगी। कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर तथा केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद थे।
गुरूवार को यहाँ गोला का मंदिर मुरैना लिंक रोड़ पर ट्रिपल आईटीएम के सामने स्थित केन्द्रीय दिव्यांगजन खेल परिसर में हुए समारोह में केन्द्रीय मंत्री श्री गड़करी एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान सहित अन्य अतिथियों ने "एक जिला-एक उत्पाद" तथा प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। साथ ही दिव्यांग हितग्राहियों को बैटरी चलित मोटराईज्ड ट्राइस्किल प्रदान की और सरकार की स्व-रोजगार एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं के तहत 11 हितग्राहियों को प्रतीक स्वरूप सहायता वितरित की। सहायता पाकर हितग्राही गदगद थे और उन्होंने अपने शब्दों में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। अतिथियों ने रिमोट का बटन दबा कर विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास और ग्वालियर एवं चंबल संभाग की तहसीलों को ई-ऑफिस में तब्दील किया।
इंक्यूबेशन सेंटर बना कर ग्वालियर को बनायेंगे औद्योगिक हब : मुख्यमंत्री श्री चौहान
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने घोषणा की कि ग्वालियर का औद्योगिक वैभव फिर से लौटायेंगे। इंक्यूबेशन सेंटर का निर्माण कर ग्वालियर को फिर से औद्योगिक हब बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि ग्वालियर तेज गति से बढ़ता हुआ शहर है। यहाँ पर आद्योगिक निवेश के साथ पर्यटन, मेडिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक हब बनाने का काम भी किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा राज्य सरकार इस बात के लिये कटिबद्ध है कि हमारे युवा नौकरी माँगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बनें। उन्होंने कहा कि सरकार एक साल में एक लाख शासकीय पद पर भर्ती करने जा रही है। उन्होंने कहा कि आगरा एक्सप्रेस-वे व चंबल के दोनों ओर औद्योगिक धंधे स्थापित होंगे, जिससे रोजगार के नए अवसर बढ़ेंगे।
रॉक्सीपुल से महाराज बाड़ा तक बनेगा फ्लाई ओवर
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ग्वालियर शहर को आधुनिक शहर बनाने की कड़ी में रॉक्सी पुल से महाराज बाड़ा तक और हजीरा क्षेत्र में फ्लाई ओवर बनाए जायेंगे। उन्होंने कहा कि एलीवेटेड रोड के द्वितीय चरण के काम और फूलबाग से किले तक के रोप वे के निर्माण में भी राज्य सरकार हर संभव सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण के लिये कटिबद्ध है। सरकार किसानों को डिफॉल्टर नहीं रहने देगी। किसानों के कर्ज का ब्याज सरकार द्वारा भरा जायेगा।