Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
स्वर्ण रेखा पर प्रथम चरण के साथ ही होगा एलीवेटेड रोड़ के द्वितीय चरण का कार्य - केन्द्रीय मंत्री गड़करी

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गड़करी ने ग्वालियर में मध्यप्रदेश के लिये सौगातों की झड़ी लगा दी। उन्होंने घोषणा की कि ग्वालियर में स्वर्ण रेखा नदी पर एलीवेटेड रोड़ के प्रथम चरण के साथ ही दूसरे चरण के टेण्डर की प्रक्रिया भी शुरू हो जायेगी। उन्होंने कहा कि स्वर्ण रेखा पर एलीवेटेड रोड़ निर्माण से ग्वालियर के विकास का नया अध्याय शुरू होगा। श्री गड़करी ने ग्वालियर से इटावा तक फोरलेन सड़क निर्माण की घोषणा भी की। केन्द्रीय मंत्री श्री नितिन गड़करी ग्वालियर शहर में विकास के नए आयाम के रूप में जुड़ने जा रहे एलीवेटेड रोड़, अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल और 122 किलोमीटर लम्बी 7 सड़कों सहित लगभग 1199 करोड़ रूपए लागत के विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

ग्वालियर में भी होगा लॉजिस्टिक पार्क का निर्माण

केन्द्रीय मंत्री श्री नितिन गड़करी ने समारोह में घोषणा की कि ग्वालियर शहर में स्वर्ण रेखा पर दोनों चरणों का एलीवेटेड रोड़ अत्याधुनिक मलेशिया से आई नई तकनीक के साथ बनाया जायेगा। एलीवेटेड रोड़ के दोनों चरण के टेण्डर एक साथ निकाले जायेंगे। उन्होंने कहा कि 6 लेन के आगरा – ग्वालियर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे, यमुना एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा और मात्र तीन घंटे में दिल्ली से ग्वालियर की दूरी तय की जा सकेगी। लगभग 87 किलोमीटर लम्बे इस एक्सप्रेस-वे का निर्माण लगभग 2500 करोड़ रूपए की लागत से होगा। उन्होंने घोषणा की कि आगरा-ग्वालियर एक्सप्रेस-वे के किनारे लॉजिस्टिक पार्क की स्थापना भी की जायेगी। श्री गड़करी ने यह भी घोषणा की कि ग्वालियर-आगरा के पुराने मार्ग का जीर्णोद्धार कर फोरलेन सीमेंट कंक्रीट मार्ग बनाया जायेगा, इसके आदेश जारी कर दिए गए हैं।

1200 करोड़ रूपए की लागत से ग्वालियर-भिण्ड मार्ग होगा फोरलेन

केन्द्रीय मंत्री श्री गड़करी ने घोषणा की कि ग्वालियर-भिण्ड–इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग 1200 करोड़ रूपए की लागत से फोरलेन मार्ग में तब्दील किया जायेगा। इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है। मुरैना से सबलगढ़ तक 300 करोड़ रूपए की लागत से 72 किलोमीटर लम्बा फोरलेन सड़क मार्ग बनाया जायेगा। केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने इन दोनों सड़क मार्गों के निर्माण की माँग रखी थी। केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर की एक और माँग को पूरा करते हुए श्री गड़करी ने मुरैना शहर में बैरियर चौराहे से रेलवे स्टेशन तक फ्लाईओवर बनाने की घोषणा भी की।

अटल एक्सप्रेस-वे अन्य एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा

केन्द्री मंत्री श्री गड़करी ने कहा कि अटल एक्सप्रेस-वे के निर्माण ग्वालियर-चंबल अंचल के विकास में क्रांतिकारी साबित होगा। लगभग 20 हजार करोड़ रूपए की लागत से कोटा से इटावा तक बनने वाले 415 किलोमीटर लम्बे इस एक्सप्रेस-वे का तीन माह के भीतर भूमि-पूजन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे बुन्देलखंड, यमुना एक्सप्रेस-वे तथा दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा। इससे ग्वालियर चंबल अंचल का सर्वांगीण विकास होगा। केन्द्रीय मंत्री श्री गड़करी ने अटल एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर लॉजिस्टिक पार्क, उद्योग, एजुकेशन हब बनाने का सुझाव मुख्यमंत्री श्री चौहान को दिया।

फूलबाग से किले तक 120 करोड़ रूपए की लागत से होगा रोप-वे का निर्माण

केन्द्रीय मंत्री श्री गड़करी ने घोषणा की कि ग्वालियर शहर में फूलबाग से किले तक 120 करोड़ रूपए की लागत से रोप-वे का निर्माण कराया जायेगा। इससे ग्वालियर के पर्यटन विकास में नए आयाम स्थापित होंगे।

जलालपुर में बनेगा रेलवे ओवरब्रिज

केन्द्रीय मंत्री श्री गड़करी ने ग्वालियर में जलालपुर–बरौआ के बीच नया रेलवे ओवरब्रिज बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान और प्रदेश के राज्य मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह ने इसके लिए केन्द्रीय मंत्री श्री गड़करी का ध्यान आकर्षित किया था। आरओबी के निर्माण से जलालपुर एवं बरौआ सहित लगभग 2 दर्जन गाँव को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही शनिश्चरा मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन में आसानी रहेगी।

लोक निर्माण मंत्री श्री गोपाल भार्गव, जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत, पंचायत एवं ग्रामीण मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया, ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री भारत सिंह कुशवाह, सांसद ग्वालियर श्री विवेक नारायण शेजवलकर, सांसद भिण्ड श्रीमती संध्या राय, महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार, बीज एवं फार्म विकास निगम के अध्यक्ष श्री मुन्नालाल गोयल, नगर निगम सभापति श्री मनोज सिंह तोमर, पूर्व विधायक श्री मदन कुशवाह तथा श्री कमल माखीजानी व श्री कौशल शर्मा सहित जन-प्रतिनिधिगण मंचासीन थे।

Share This News :