चीता या मोदी ? किसका कर रहे श्योपुर के लोग ज्यादा इंतजार
मध्य प्रदेश में चंबल का आदिवासी बाहुल्य जिला श्योपुर विश्व पटल पहचान बनाने वाला है। 70 साल बाद जिले के कूनो नेशनल पार्क में अफ्रीकी चीते आने वाले हैं। उनके स्वागत के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहुंच रहे हैं। पूरे देश में जितनी खुशी इन अफ्रीकन चीतों को लेकर है उससे ज्यादा खुशी श्योपुर जिले के लोगों को पीएम मोदी के आने से है। इस जिले में इतिहास में पहली बार कोई देश का प्रधानमंत्री पहुंच रहा है।
अभी तक इस जिले में देश का कोई भी प्रधानमंत्री नहीं पहुंचा है। यही कारण है कि पहली बार जब देश के प्रधानमंत्री पहुंच रहे हैं तो इसको लेकर जिले के लोगों में काफी उत्साह है। वहां के लोगों का कहना है कि यह पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण है कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार यहां आ रहे हैं। लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने साथ ऐसी सौगात ला रहे हैं जिससे पूरे जिले की पहचान विश्व पटल पर स्थापित होगी।
मुख्यमंत्री जुटे हैं तैयारी में
बता दें मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क में अफ्रीकन चीते आ रहे हैं। इसी को लेकर 17 सितंबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिले के कूनो अभ्यारण पहुंचेंगे,जहां वह 8 अफ्रीकी चीतों को बेड़ों में छोड़ेंगे। मध्य प्रदेश में 70 साल बाद ऐसा पहला मौका देखने को मिल रहा है कि अब यहां चीतों की गूंज सुनाई देगी। इसको लेकर कूनो नेशनल पार्क में भव्य तैयारियां चल रही हैं। इसकी निगरानी खुद सीएम शिवराज सिंह चौहान कर रहे हैं। यही कारण है कि लगातार तैयारियों को लेकर शिवराज सरकार के मंत्री वहां पहुंच रहे हैं। अफ्रीकी चीतों के आगमन से पूरे जिले में काफी उत्साह नजर आ रहा है।
श्योपुर में है भारी कुपोषण
श्योपुर जिले के लोग देश के प्रधानमंत्री की झलक पाने के लिए इंतजार कर रहे हैं। श्योपुर जिले से राजस्थान सीमा लगती है। यह आदिवासी बाहुल्य और पिछड़ा इलाका माना जाता है। सबसे खास बात यह है कि इस जिले की पहचान कुपोषण से होती है क्योंकि मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा कुपोषण के मामले श्योपुर जिले से ही आते हैं। इस जिले में कुपोषित बच्चों की संख्या सबसे अधिक है। लगातार कुपोषित बच्चों की मौत के मामले पूरे देश भर में सुर्खियां में रहते है। प्रशासन और सरकार लगातार यहां कुपोषण को रोकने के लिए प्रयास कर रहे हैं।
कूनो नेशनल पार्क में चीते आने के बाद सबसे ज्यादा उम्मीद रोजगार पर टिकी हुई है। इस श्योपुर जिले में कोई भी बड़ा उद्योग और रोजगार नहीं है। इस जिले के ज्यादातर ज्यादा लोग रोजगार के लिए दूसरे राज्य या अन्य जिलों में भटकते रहते हैं। कुनो नेशनल पार्क से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर एक टिकटोली गांव में 70 साल की बुजुर्ग महिला कुसुमबाई ने बताया कि उन्होंने अपनी आंखों से अभी तक देश के किसी प्रधानमंत्री को नहीं देखा है। नरेंद्र मोदी के वहां जाने से वह काफी खुश नजर आ रही हैं।