Home > राज्यो से ,
1128 करोड़ की सड़कों का शिलान्यास-लोकार्पण 15 को ,गडकरी दतिया जाएंगे

ग्वालियर अंचल की 1128 करोड़ की लागत से बनी या बनने वाली 222 किलोमीटर लंबी 7 प्रमुख सड़कों का शिलान्यास व लोकार्पण 15 सितंबर को होने जा रहा है। कार्यक्रम में केन्द्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी और सीएम शिवराज सिंह, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर व केन्द्रीय नागरिक उड्‌डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का आने का कार्यक्रम आ गया है।

नितिन गड़करी दिल्ली से सीधे दतिया पहुंचेंग और वहां पीतांबरा माई के दर्शन कर शाम 4 बजे ग्वालियर आएंगे। ग्वालियर में वह 4 से 5.30 बजे तक मतलब डेढ़ घंटा रुकेंगे और 1128 करोड़ की लागत की सड़कों शिलान्यास व लोकार्पण करेंगे। सबसे ज्यादा प्रमुख केन्द्रीय मंत्री सिंधिया का ड्रीम प्रोजेक्ट स्वर्ण रेखा नदी पर एलिवेटेड रोड का भूमिपूजन रहेगा। इसके लिए उर्जा मंत्री तोमर ने क्षेत्र की जनता को पीले चावल बांटे हैं और उनको कार्यक्रम में आने का न्यौता दिया है।

1128 करोड़ के इन कार्यक्रमों का होना है शिलान्यास व लोकार्पण
15 सितंबर को अंचल में 1128 करोड़ की लागत से बनी या बनने वाली 222 किलोमीटर लंबी 7 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकर्पण किया जाएगा जो इस प्रकार हैं।
इनका होगा लोकार्पण
- मेघोनाबाड़ा (कोलरस शिवपुरी) से अमरोद (मुंगावली अशोक नगर) तक सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण होगा।
- ग्वालियर शहर में आगरा लूप से शताब्दीपुरम मार्ग पर आरओबी का निर्माण कार्य का लोकार्पण
इनका होगा शिलान्यास
- ग्वालियर शहर के स्वर्ण रेखा नदी पर IIITM से महारानी लक्ष्मीबाई समाधि तक फोर लेन एलिवेटेड रोड के सड़क निर्माण के पहले फेस का कार्यक्रम का शिलान्यास।
- कुरवाई-मुंगावली-चंदेरी खंड पर 2-लेन पेप्ड शोल्डर का निर्माण कार्य का शिलान्यास।
- मिहोना बायपास, लहार बायपास, दबोह बायपास, एवं भांडेर बायपास पर 2-लेन पेव्ड शोल्डर का निर्माण कार्य का शिलान्यास।
- चीनौर-करहिया एवं करहिया-भितरवार के बीच सड़क निर्माण का शिलान्यास।
- डबरा-पिछोर रोड से कटारे बाबा की समाधि-बड़ेरा के बीच सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास।

अनोखी होगी ग्वालियर की एलिवेटेड रोड
शहर के बीच से होकर बह रही स्वर्ण रेखा नदी पर एलीवेटेड रोड़ बनने जा रहा है। ऐलीवेटेड रोड़ के पहले फेस का काम लगभग 447 करोड़ रूपए की लागत से होगा। इसमें से लगभग 406 करोड़ रुपए की राशि केन्द्र सरकार एवं लगभग 41 करोड़ रुपए की धनराशि राज्य सरकार ने मंजूर की है। स्वर्ण रेखा पर अत्याधुनिक तकनीक से प्रथम चरण में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल के समीप से IIITM तक लगभग 6 किलोमीटर लम्बाई में एलीवेटेड रोड़ का निर्माण होगा। कार्यपालन यंत्री सेतु निगम ज्ञानवर्धन मिश्रा ने बताया कि रानी लक्ष्मीबाई की समाधि से ट्रिपल आईटीएम तक लगभग 6 किलोमीटर लम्बाई में बनने जा रहे एलीवेटेड रोड़ की कुल चौड़ाई लगभग 16 मीटर होगी। डिवाइडर के अलावा दोनों ओर की सड़कों की चौड़ाई 7.25 – 7.25 मीटर होगी। एलीवेटेड रोड़ पर चढ़ने – उतरने के लिये 6 किलोमीटर की लम्बाई में 6 स्थानों पर रैम्पनुमा 13 सड़कें बनाई जायेंगीं। एलीवेटेड रोड़ के प्रारंभ स्थल यानि रानी लक्ष्मीबाई समाधि के नजदीक और दूसरे छोर पर IIITM के समीप एलीवेटेड रोड़ पर चढ़ने – उतरने के लिये अलग – अलग रैम्प बनाए जायेंगे। हजीरा क्षेत्र में एलीवेटेड रोड़ पर चढ़ने – उतरने के लिये दो स्थानों पर अलग-अलग रैम्प बनेंगे अर्थात यहाँ पर कुल चार रैम्प बनेंगे। इसके अलावा रानीपुरा व रमटापुरा में एलीवेटेड रोड़ पर चढ़ने – उतरने के लिये अलग-अलग रैम्प बनाए जायेंगे। साथ ही चंद्रनगर में एलीवेटेड रोड़ पर चढ़ने के लिए एक रैम्प बनेगा।

Share This News :