Home > राज्यो से ,
कूनो में चीतों की संख्या बढ़ेगी

श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में नामीबिया से आने वाले आठ चीतों के बाद भी भारत में दक्षिण अफ्रीका से चीते लाने का सिलसिला जारी रहेगा। तीन चरणों में लगभग 80 चीते भारत लाए जाएंगे। उन्हें कूनो के अलावा मध्यप्रदेश के गांधीसागर अभयारण्य, नौरादेही अभयारण्य में बसाया जाएगा। मध्य प्रदेश में सबसे ज्यादा अफ्रीकी चीते लाए जाएंगे।

दक्षिण अफ्रीका से आने वाले चीते सुरक्षित रहेें, उनकी जल्द वंशवृद्धि हो और देश का पर्यटन क्षेत्र भी फले-फूले, इसीलिए कूनो अभयारण्य के अलावा देश के कुछ और चुनिंदा अभयारण्य में अफ्रीकी चीते छोड़े जाएंगे। सबसे पहले नंबर पर कूनो नेशनल पार्क है, जिसमें नामीबिया से आठ चीतों को लाया जा रहा है। अफ्रीका से आने वाले चार और चीते कूनो में छोड़े जाएंगे, क्योंकि विशेषज्ञों ने कूनो को 12 चीतों को बसाने के लिए पर्याप्त माना हैै।

कूनो के बाद मध्य प्रदेश के नीमच जिले के गांधी सागर अभयारण्य और सागर जिले के नौरादेही अभयारण्य को चीतों का घर बनाने के लिए चुना गया है। गांधी सागर अभयारण्य 368.62 वर्ग किमी और नौरादेही अभयारण्य 1200 वर्ग किमी में फैला है। कूनो का क्षेत्रफल 748.76 वर्ग किलोमीटर है। इन दाेनाें ही अभयारण्य का टीम पहले ही सर्वे भी कर चुकी है।

वर्जन- नामीबिया के बाद अफ्रीका से कम से कम 80 चीते और आने हैं। कूनो में अधिकतम 12 चीते छोड़ने की योजना फिलहाल है, इनकी संख्या बढ़ भी सकती है। इसके बाद अलग चरणों में नौरादेही और गांधी सागर अभयारण्य में चीते लाए जाएंगे। साउथ अफ्रीका का दल दोनों अभयारण्य का भ्रमण कर चुका है और इन्हें चीतों के लिए पूरी तरह दुरुस्त पाया है।जेएस चौहान, पीसीसीएफ, मप्र वन विभाग

Share This News :