Home > राज्यो से ,
कांग्रेस ने कहा BJP और RSS भारत का असल 'टुकड़े-टुकड़े गैंग,भाजपा ने किया यह पलटवार

 

कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) देश के असल 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' हैं, जबकि उसकी 'भारत जोड़ो यात्रा' का लक्ष्य लोगों को जोड़ना है। वहीं,मध्यप्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को भाजपा और आरएसएस के 'राष्ट्र निर्माण', 'चरित्र और विचारधारा निर्माण' को समझने में सालों लग जाएंगे।

कांग्रेस ने कहा- BJP और RSS देश के असली टुकड़े-टुकड़े गैंग
कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने भोपाल में संवाददाताओं से कहा कि 'आज भाजपा और संघ न केवल अंग्रेजों के बांटो और राज करो नीति का प्रसार कर रहे हैं, बल्कि आक्रामक तरीके से देश में नफरत, कटुता और विभाजन को प्रोत्साहित कर रहे हैं। वे एक भाई को दूसरे भाई के खिलाफ उकसा रहे हैं। मेरा मानना है कि अगर देश में वास्तव में 'टुकड़े-टुकड़े' गैंग है जो साजिश रच रहा है और सामाजिक सद्भाव, संघीय ढांचे, लोकतांत्रिक मूल्यों को 'टुकड़े-टुकड़े' कर रहा है, तो वह गिरोह भाजपा और संघ है।'

गौरतलब है कि दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में वर्ष 2016 में हुए प्रदर्शन के बाद भाजपा अक्सर विरोधियों पर हमला करने के लिए 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' शब्द का इस्तेमाल करती है। नायक ने कहा कि हम 'भारत जोड़ो यात्रा' का आयोजन विभाजनकारी नीतियों के खिलाफ और देश को एकजुट करने की मंशा से कर रहे हैं।' वह इस यात्रा की मध्यप्रदेश में कांग्रेस प्रभारी हैं।'

कांग्रेस ने मोदी सरकार को कहा असफल
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को रोकने में असफल रही है। नायक ने कहा कि कांग्रेस ने रविवार को महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ नई दिल्ली में रैली की जिसमें राहुल गांधी ने सरकार के खिलाफ निडर को होकर बोला।

क्या कहा भाजपा ने
नायक के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर मध्यप्रदेश भाजपा प्रदेश इकाई के प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि 'उसे भाजपा और संघ के राष्ट्र निर्माण और चरित्र और विचारधारा निर्माण को समझने में वर्षों लग जाएंगे।' उन्होंने कहा कि 'हम अखंड भारत की बात करते हैं। वे विभाजित भारत की बात करते हैं। कांग्रेस की स्थापना विदेशी ने की थी। वह अंग्रेजों की बांटो और राज करो की नीति का अनुकरण करती है।

Share This News :