Home > slider news,अपना मध्यप्रदेश,
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में किस नेता ने क्या कहा पढ़ें और क्या हुआ

भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की विशेष बैठक में पार्टी ने पंचायत-नगरीय निकाय चुनाव में महाविजय पर जनता का आभार व्यक्त करते हुए आभार और राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया है। इसमें पार्टी ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं में सरकार एवं संगठन ने मिलकर अच्छा काम किया है। प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में विकास के कार्य किए जा रहे हैं।बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी पी. मुरलीधर राव, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धुर्वे, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह, प्रदेश के मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, प्रदेश उपाध्यक्ष बहादुर सिंह चौहान सहित अन्य नेता उपस्थित थे।

निकाय एवं पंचायत चुनाव में जनसमर्थन पर जनता के प्रति आभार जताने के लिए राज्यसभा सदस्य व महामंत्री कविता पाटीदार ने प्रस्ताव रखा। इसका समर्थन नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने करते हुए कहा कि अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को आरक्षण से वंचित करने के कांग्रेस की कोशिश को निष्फल किए जाने के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किए गए प्रयासों और संगठन के संघर्ष पर प्रकाश डाला।

वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर प्रदेश महामंत्री शरदेंदु तिवारी ने प्रस्ताव रखा, जिसका समर्थन सांसद संध्या राय एवं नागर सिंह चौहान ने किया। उल्लेखनीय है कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक चार से छह सितंबर तक पचमढ़ी में आयोजित की जानी थी लेकिन मौसम को देखते हुए यह बैठक स्थगित कर दी गई है। बैठक में बूथ विस्तार, आगामी विधानसभा चुनाव और संगठन की गतिविधि को लेकर भी चर्चा हुई।

पार्टी की छवि खराब करने का षड्यंत्र रच रहे हैं विरोधी: शिवराज

 

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे विरोधी पार्टी की छवि को खराब करने के लिए लगातार षडयंत्र रच रहे हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं को राजनीतिक रूप से सतत जागरूक रहकर विरोधियों की गतिविधियों पर नजर रखना एवं उनके षड्यंत्रों का जवाब देना होगा। हम प्रयोग के तौर पर दो-दो मंत्रियों के समूहों को तीन जिलों की जिम्मेदारी देंगे। वे कार्यकर्ताओं, नागरिकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर विभिन्न् योजनाओं का क्रियान्वयन देखेंगे व विकास कार्यों पर नजर रखेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती (दो अक्टूबर) तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा।

17 सितंबर से सरकार केंद्र और राज्य की योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए अभियान चलाएगी। 26 अक्टूबर से मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस (एक नवंबर) तक मध्य प्रदेश दिवस मनाएंगे। प्रदेश का स्थापना दिवस एक जनउत्सव होगा।

वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं के श्रम, जनहित की योजनाओं से ऐतिहासिक जीत मिलेगी। हमने निकाय चुनावों में 51 प्रतिशत की जगह 53 प्रतिशत वोट शेयर प्राप्त किया है। यह पार्टी नेतृत्व के प्रति जनता के विश्वास, योजनाओं और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। इसी आधार पर हम 46 नगर पालिकाओं और परिषदों के चुनाव भी ऐतिहासिक बहुमत से जीतेंगे।

सरकार के साथ मिलकर चुनौतियों का सामना करे संगठन

 

राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि आने वाले समय में देश और समाज के सामने जो चुनौतियां आएंगी, उनका सामना सिर्फ सरकारों के बूते की बात नहीं होगी। संगठन यानी कार्यकर्ताओं को भी कंधे से कंधा मिलाकर काम करना होगा। प्रधानमंत्री कहते हैं कि कोई भी राजनीतिक दल अपने काम से लोगों की समस्याओं का समाधान कर सकता है। हम भी पौधे लगाकर, तालाबों की सफाई करके, बेटी बचाओ और नमामि गंगे जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज से जुड़ सकते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। अगर हम ऐसा करते हैं, तो इससे पार्टी का विस्तार होगा, कार्यकर्ताओं के मन में सेवाभाव जागृत और समाज के प्रति परिवार भाव पैदा होगा।पार्टी के प्रदेश प्रभारी पी. मुरलीधर राव ने कहा कि बूथ विस्तारक अभियान के माध्यम से 65 में से 62 हजार बूथों को डिजिटल बनाकर प्रदेश संगठन ने देशभर में अलग पहचान बनाई है। डिजिटल बूथों का हमें टेक्नालाजी के साथ भरपूर उपयोग करना है, ताकि हमारी मजबूती और बढ़े।

Share This News :