Home > अपना शहर ,
स्वच्छता को अपनाएंगे, तभी ग्वालियर को स्मार्ट सिटी बना पाएंगे

स्वच्छता जागरुकता अभियान 

आज पूरे देश में स्वच्छता का कम्पटीशन हो रहा है, इसके लिए हम सब शहरवासियों को मिलकर चिंता करनी चाहिए, क्योंकि जब हम सब स्वच्छता को अपनाएंगे तभी हम ग्वालियर को स्मार्ट सिटी बना पाएंगे। उक्ताशय के विचार वार्ड 56 के पार्षद डाॅ. सतीश सिंह सिकरवार ने आज नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता जागरुकता अभियान के दौरान शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिन्दे की छावनी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में व्यक्त किए। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वच्छता अभियान के ब्रांड एम्बेस्डर डाॅ एम एल दौलतानी ने की। कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के रुप में श्री अवधेश कौरव, स्कूल प्राचार्य श्रीमती नवोदिता गुप्ता, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी श्री दिग्विजय सिंह जादौन, क्षेत्राधिकारी श्री राकेश कश्यप सहित बडी संख्या में स्कूल की छात्राएं एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिन्दे की छावनी में आयोजित स्वच्छता जागरुकता अभियान के प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत स्कूल की प्राचार्य, एएचओ एवं क्षेत्राधिकारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डाॅ सिकरवार ने कहा कि ग्वालियर में 15 लाख की आबादी है तथा सफाई कर्मचारी केवल 3000 हैं, इसलिए यदि ग्वालियर को स्वच्छता रखना है तो हम सबको सहभागिता निभानी होगी तभी हमारा शहर स्वच्छ शहर बन पाएगा।
इस अवसर पर डाॅ एम एल दौलतानी ने कहा कि जनवरी 2017 में 5 तारीख से देश के 500 शहरों में स्वच्छता का कम्पटीशन होना है जिसमें हमें 2000 अंकों में से नम्बर दिए जाएंगे, यदि शहर के सभी नागरिकों का सहयोग मिलेगा तभी हमारा शहर नम्बर वन बन पाएगा। इस अवसर पर सभी बच्चों को स्वच्छता के लिए अपन अपने परिजनों से आग्रह करने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के तहत विद्यालय में स्वच्छता गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें स्कूल की अनेक छात्राओं ने स्वच्छता को लेकर अपने अपने विचार व्यक्त किए। जिसमें कशिश कुशवाह, सिमरन कपूर, मुस्कान बंसल, इलमा खान, सोनाली शर्मा, मानसी कुशवाह, उमा चैहान, खुशी बंसल, मुनीता मौर्य एवं दीपिका ने स्वच्छता का संदेश दिया। सर्वश्रेष्ठ स्वच्छता संबोधन के लिए सोनाली शर्मा को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अभियान के दौरान विद्यालय की प्रत्येक कक्षा की दो-दो छात्राओं सहित कुल 20 छात्राओं को स्वच्छता कैप्टन बनाया गया तथा इन सभी को अतिथियों द्वारा स्वच्छता बैच एवं कैप लगाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर स्कूल की छात्राओं द्वारा विशाल रैली जयेन्द्रगंज, नदीगेट, छप्परवाला पुल एवं अन्य प्रमुख मार्गो से निकाली गई जिसमें छात्राओं द्वारा नारे लगाते हुए सभी आमजनों से स्वच्छता के लिए आग्रह किया गया।

    

Share This News :