Home > अपना शहर ,
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में होंगी निबंध, वाद-विवाद एवं स्लोगन प्रतियोगिताएँ

"राष्ट्रीय मतदाता दिवस" के उपलक्ष्य में स्कूल-महाविद्यालय एवं जिला स्तरीय निबंध, वाद-विवाद, एवं स्लोगन प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। विदित हो भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी 25 जनवरी को सातवाँ "राष्ट्रीय मतदाता दिवस" मनाया जायेगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री आर सी मिश्रा ने बताया कि मतदाता जागरूकता दिवस पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं के लिये प्राचार्य शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय को नोडल अधिकारी तथा जिला शिक्षा अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।

संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि विद्यालयीन स्तर पर प्रतियोगितायें 6 जनवरी से पूर्व आयोजित करा ली जाएँ। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिये संस्था स्तर पर चयनित प्रतिभागियों के नाम 6 जनवरी तक प्राचार्य शा.क.उ.मा.वि पद्माराजे को उपलब्ध कराये जावें।

जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन मंगलवार 10 जनवरी को प्रात: 11 बजे पद्माराजे कन्या उमावि में किया जावेगा। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के उपरांत विजयी प्रतिभागियों की सूची सहित प्रतियोगिताओं के समस्त अभिलेख 12 जनवरी तक जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजने के निर्देश दिये गये हैं ।

प्रतियोगिताओं के यह विषय होंगे

उच्चतर माध्यमिक व माध्यमिक स्तर - निबंध तथा चित्रकला प्रतियोगिता होगी। निबंध का विषय “भारत वर्ष में महिला सशक्तिकरण से लोकतंत्र मजबूत होगा” रखा गया है। माध्यमिक विद्यालय स्तर पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय “राष्ट्रीय मतदाता दिवस-गौरव दिवस”, स्लोगन प्रतियोगिता का विषय “युवा मतदाता देश का भविष्य” और  चित्रकला का विषय “चुनाव प्रचार” रखा गया है।

महाविद्यालय स्तर – निबंध का विषय “समावेशी एवं गुणात्मक मतदाता भागीदारी”, “अप्रवासी भारतीय, सेवा वोटर्स तथा दिव्यांगों के वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के लिये विशेष प्रयास की आवश्यकता” रखा गया है। वाद विवाद प्रतियोगिता का विषय भारत वर्ष में समावेशी भागीदारी के अंतर्गत दिव्यांग जन, आदिवासी समूह, बेघर व्यक्ति, थर्ड जेण्डर का नाम वोटर लिस्ट में जोड़े जाने हेतु विशेष प्रयास रखा गया है। स्लोगन का विषय “युवा एवं महिलायें मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जुड़वायें, शिकायत नहीं करें”, रखा गया है।

      निबंध प्रतियोगिता के लिये अधिकतम 500 शब्द एवं स्लोगन के लिये अधिकतम 30 शब्द होंगें । वाद -विवाद प्रतियोगिता में पक्ष एवं विपक्ष के लिये 10-10 मिनिट का समय निर्धारित किया गया है। निबंध, स्लोगन तथा चित्रकला प्रतियोगिता के लिये समय सीमा एक घंटा निर्धारित रहेगी। समस्त प्रतियोगिताओं का पूर्णाक 200 रहेगा ।

Share This News :