Home > राज्यो से ,
लालू यादव का फॉर्मूला या सोनिया गांधी वाला मॉडल, हेमंत सोरेन के पास 3 रास्ते

लालू वाला मॉडल अपनाएंगे?
अटकलें है कि हेमंत सोरेन अपनी पत्नी कल्पना सोरेन को मुख्यमंत्री पद पर बिठा सकते हैं। वैसे तो उनके भाई बसंत सोरेन भी विधायक हैं, लेकिन उनके खिलाफ भी ऑफिस ऑफ प्रॉफिट का केस चल रहा है, जिसमें 29 अगस्त को फैसला आ सकता है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख शिबू सोरेन का विकल्प भी मौजूद हैं, लेकिन उनकी उम्र और स्वास्थ्य को देखते हुए माना जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री यह पद नहीं ग्रहण करेंगे। ऐसे में हेमंत सोरेन के पास 'लालू मॉडल' का एक विकल्प है कि वह अपनी पत्नी कल्पना सोरेन को सत्ता सौंप दें, जिस तरह कभी चारा घोटाले में जेल जाते समय बिहार के पूर्व सीएम ने अपनी पत्नी राबड़ी देवी को कुर्सी पर बिठा दिया था। सोनिया गांधी के फॉर्मूल से खुद बन सकते हैं सीएम
हेमंत सोरेन के पास महागठबंधन सहयोगी कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष वाला फॉर्मूला भी मौजूद है। यदि उन्हें चुनाव लड़ने से रोका नहीं जाता है तो वह एक बार फिर मुख्यमंत्री बन सकते हैं। इसके तहत हेमंत सोरेन को इस्तीफे के बाद महागठबंधन के विधायक उन्हें अपना नेता चुन सकते हैं। इसके बाद सोरेन को एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेनी होगी और छह महीने के भीतर विधानसभा की सदस्यता लेनी होगी। बरहैत सीट उपचुनाव होगा में वह उम्मीदवार बन सकते हैं। गौरतलब है कि 2006 में यूपीए-1 की सरकार के समय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर भी ऑफिस ऑफ प्रॉफिट का आरोप लगा था। वह सासंद के साथ राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की अध्यक्ष भी थीं। इसके बाद उन्हें रायबरेली सांसद के रूप में इस्तीफा देना पड़ा था, लेकिन वह दोबारा इस सीट से जीतकर लोकसभा पहुंची थीं।

कोर्ट का भी कर सकते हैं रुख
हेमंत सोरेन के पास एक तीसरा विकल्प कोर्ट जाने का भी है। वह राज्यपाल के फैसले को कोर्ट में चुनौती दे सकते हैं। हालांकि, झामुमो सूत्रों का कहना है कि पार्टी इस विकल्प पर विचार नहीं कर रही है। 

भाजपा चाहती है मध्यावधि चुनाव
हेमंत सोरेन के खिलाफ शिकायत करने वाली भाजपा उनकी सदस्यता जाने को अपनी जीत के रूप में पेश कर रही है। भाजपा नेताओं ने मांग की है कि हेमंत सोरेन जनता का सामना करें और मध्यावधि चुनाव कराया जाए। हालांकि, झामुमो, कांग्रेस और राजद गठबंधन ने साफ कर दिया है कि सरकार पर कोई संकट नहीं है। सरकार के पास संख्याबल मौजूद है और सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि हेमंत सोरेन क्या रास्ता अपनाते हैं।

Share This News :