Home > राज्यो से ,
मुरैना में राजघाट पुल डूबा, भिंड में अटेर किले तक पहुंचा पानी

ग्वालियर चंबल के मुरैना, भिंड, शिवपुरी में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। काेटा बैराज बांध से पानी छाेड़े जाने एवं पार्वती नदी से आने वाले पानी के कारण चंबल उफान पर है। मुरैना में राजघाट का पुराना पुल डूब चुका है। बाढ़ के खतरे काे देखते हुए प्रशासन ने 38 गांवाें काे खाली कराना शुरू कर दिया है, इसमें 20 गांवाें काे खाली करा भी लिया गया है। उधर भिंड में भी हालात नाजुक बने हुए हैं। टीकगमढ़ में भी धसान नदी के उफान पर आने के बाद काफी नुकसान हुआ है। प्रशासन चंबल, पार्वती सहित अंचल से गुजरने वाली नदियाें की निगरानी कर रहा है, जिससे बाढ़ के हालात निर्मित हाेने पर तुरंत स्थिति पर काबू पाया जा सके।

नदी का पानी भारी मात्रा में आने से चंबल नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजघाट पर चंबल नदी का खतरे का निशान 138 मीटर है, वहां सुबह 10 बजे चंबल का जलस्तर 142 मीटर को पार कर गया है। चंबल ऐसा विकराल रूप ले चुकी है, कि राजघाट पर बना पुराना पुल, जिससे आवागमन सालों से बंद है, वह पानी में समा गया है। पुराने पुल से करीब एक मीटर ऊपर पानी बह रहा है। उधर प्रशासन की टीमें चंबल नदी किनारों के गांवों में मुस्तैद हैं। कई गांव के ग्रामीण जो मंगलवार को अपने घर छोड़ने तैयार नहीं थे, उन गांवाें में भी धीरे-धीरे पानी पहुंचने लगा है। इसलिए ऐसे गांवों को अब खाली कराना शुरू कर दिया है। चंबल का जलस्तर 144 से 145 मीटर पहुंचने की आशंका काे देखते हुए 38 गांवों को खाली कराया जा रहा है, जिसमें से करीब 20 गांव अब तक खाली कराकर ग्रामीणों और उनके मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर भेजा जा चुका है। एसडीआरएफ की छह टीमें आधा दर्जन थानाें के साथ रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं।

 

भिंडः चंबल नदी का जलस्तर बुधवार सुबह 7 बजे तक 123.60 मीटर पर पहुंच गया है। खतरे का निशान 119.80 मीटर है। लगातार जलस्तर बढ़ने से पानी अटेर किला के नीचे पहुंच गया है। सथ ही अटेर कालेज के परिसर में भी पानी भर गया है। अटेर थाना टीआइ उदयभानसिंह यादव का कहना है, कि पानी लगातार बढ़ रहा है। नावली वृंदावन, खैराट, मुकुटपुरा आदि गांव का रास्ता बंद हो गया है। पानी से घिरे गांवाें के लोगों से लगातार संपर्क में हैं। कलेक्टर एवं एसपी ने चंबल नदी के बढ़ते जलस्तर काे देखते हुए अटेर क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं बचाव कार्य हेतु आवश्यक तैयारियों का अवलोकन किया। जिला प्रशासन ने बाढ़ आदि स्थिति निर्मित होने पर उससे निपटने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ के दलों को मय बोट विभिन्न स्थानों पर तैयार रखा गया है। चंबल का जल स्तर बढ़ने से अटेर के देवालय,नावली वृन्दावन,मुकटपूरा,खेराहट ग्रामों का मार्ग से सम्पर्क कटा है,ग्रामों में पानी भरने जैसी स्थिति नही बनी है। प्रशासन ग्रामों से एसडीआरएफ बोट के माध्यम से सतत संपर्क में है,साथ ही आवश्यक वस्तु जैसे राशन,पानी,स्वास्थ सुविधा आदि की व्यवस्था तैयार रखी है। इसी के साथ हेलिकाप्टर के माध्यम से भी राशन आदि सामग्री भेजने की व्यवस्था भी की है। चंबल नदी एवं जलभराव वाले रास्तों पर आवागमन को रोकने के लिए बैरिकेट्स लगाकर, पुलिस जवान तैनात होकर निगरानी रखे हुए हैं।

Share This News :