शाह-सिंधिया की MP में ‘सियासी बारिश’:टॉप लीडरशिप का मन शाह ने टटोला
मध्यप्रदेश के सियासी गलियारों में फिर हलचल है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भोपाल में प्रदेश की टॉप लीडरशिप से वन टू वन बात की है, जिसके सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। उधर, इंदौर में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के नेतृत्व में काम करने की बात करके सबको चौंका दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री शाह के भोपाल दौरे से पहले माना जा रहा था कि विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी प्रदेश में कोई बड़ा कदम उठाने वाली है।बड़ा सवाल- शाह ने टॉप लीडर्स से वन-टू-वन मीटिंग क्यों की?
मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होने आए गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश के टॉप लीडर्स के साथ वन-टू-वन मीटिंग की है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ लगभग आधे घंटे तक मीटिंग की। इसके बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान से भी चर्चा की। संगठन मंत्री हितानंद शर्मा से भी अलग से बात की। शाह ने राज्य के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को भी अलग से समय दिया। सवाल यह है कि आखिर शाह ने टॉप लीडर्स से वन-टू-वन मीटिंग क्यों की? वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक अरुण पटेल कहते हैं- अमित शाह ने मप्र में अगले साल होने वाले चुनाव को ध्यान में रखते हुए फीडबैक जरूर लिया। मध्यप्रदेश में फिलहाल बदलाव के कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं। गौरतलब है अप्रैल में जब वे भोपाल आए थे, तब उन्होंने संगठन की बजाय सत्ता में शामिल नेताओं से बात की थी। इस बार उन्होंने सिर्फ प्रदेश के 4 बड़े नेताओं से ही मुलाकात की है।
शाह ने इस बार शिवराज-नरोत्तम की तारीफ भी की
इस दौरे पर शाह ने मध्यप्रदेश सरकार के कार्यों की तारीफ करते हुए कहा कि नक्सलवाद को समाप्त किया गया है। कानून-व्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन लाने का कार्य शिवराज सरकार ने किया है। एक जमाने में मालवा सिमी का गढ़ था। सिमी को समूल उखाड़ फेंकने का कार्य किया है, लेकिन उन्होंने नरोत्तम मिश्रा को भी मंच से क्रेडिट दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन कठोर परिश्रम के बगैर संभव नहीं है। मैं तो निमित्त हूं, काम तो शिवराज और नरोत्तम की जोड़ी ने किया है। उन्होंने डकैत और नक्सली समस्या से सख्ती से निपटा है।