बीज की शुद्धता से ही वर्तमान व भविष्य की सुंदरता है : तोमर
केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि श्रृष्टि में जो कुछ भी है वह किसी न किसी बीज का ही परिणाम है। बीज की शुद्धता वर्तमान व भविष्य की शुद्धता व सुंदरता होती है। बीज फसल के ही नहीं संस्कारों के भी होते हैं। यदि खाद्यान्न व फल – सब्जी के बीज शुद्ध होंगे तो मनुष्यों के शारीरिक स्वास्थ्य की सुंदरता भी रहेगी। कृषि वैज्ञानिक जब विभिन्न किस्म के बीजों का अविष्कार करते हैं तो उससे देश और दुनिया आत्मनिर्भर होती है। नरेन्द्र सिंह तोमर रविवार को यहां राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में शुरू हुई 11वीं राष्ट्रीय बीज कांग्रेस-2022 (नेशनल सीड कांग्रेस) के उदघाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर भरोसा जताया कि राष्ट्रीय बीज कांग्रेस में देश भर से आए कृषि वैज्ञानिक विचार मंथन कर बीज को लोकोपयोगी बनायेंगे, जिससे देश आत्मनिर्भर और समृद्ध बनेगा। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यक्रम की वर्चुअल अध्यक्षता की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय में नवनिर्मित दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार का लोकार्पण भी अतिथियों ने किया। कृषि विश्वविद्यालय के नवनिर्मित दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में हुए नेशनल सीड कांग्रेस के उदघाटन सत्र में प्रदेश के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री कमल पटेल, सांसद विवेक शेजवलकर (वर्चुअल), महापौर ग्वालियर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार, भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव अश्विनी कुमार, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के उप महानिदेशक (शिक्षा) डॉ. आर सी अग्रवाल, कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस के राव, आयोजन सचिव डॉ. एस के शर्मा, क्षेत्रीय निदेशक ICARDA नई दिल्ली से डॉ. शिवकुमार अग्रवाल व डॉ. सुरेश मोटवानी मंचासीन थे।
ऐसी तकनीक खोजें जिससे हर परिस्थिति में अच्छा उत्पादन मिले – सिंधिया
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय नागरिक उड्डयन व इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि आत्मनिर्भरता के साथ स्वास्थ्य व आर्थिक प्रगति के पहलू जुड़े होते हैं। इसलिए कृषि वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए किसानों को उन्नत कृषि तकनीक के रूप में ऐसे अस्त्र-शस्त्र प्रदान करें जिससे किसानों के साथ-साथ देश समृद्ध हो।
किसान आत्मनिर्भर तो देश भी आत्मनिर्भर बनेगा- कमल पटेल
प्रदेश के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री कमल पटेल ने कहा कि किसानों ने कोरोना जैसी विपरीत परिस्थितियों में भी अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में अपना योगदान दिया है। सरकार इस बात से भलीभाँति वाकिफ है कि किसान आत्मनिर्भर बनेगा तो देश आत्मनिर्भर बनेगा। इसीलिए केन्द्र व राज्य सरकार ने किसानों की समृद्धि के लिये क्रांतिकारी कदम उठाए हैं।