चार बड़ी खबरें एक साथ पढ़ें
जन्माष्टमी के मौके पर उत्तर प्रदेश के मथुरा में बड़ा हादसा हो गया है। खबर है कि ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में आरती के दौरान भगदड़ हो गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है। वहीं, कई घायल हो गए हैं। जम्मू और कश्मीर में भारी बारिश के चलते माता वैष्णो देवी यात्रा कुछ देर के लिए रुक गई थी। हालांकि, अब यात्रा दोबारा शुरू हो चुकी है। इधर, राजधानी दिल्ली में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर सीबीआई की रेड के बाद सियासी हलचल भी तेज हो गई है। सीबीआई ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में कार्रवाई की थी।
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 78वीं जयंती, पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पूर्व पीएम राजीव गांधी को 78वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी है। इधर, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं ने पूर्व पीएम को याद किया।
जम्मू-कश्मीर: ऊधमपुर जिले में भूस्खलन, दो बच्चों की मौत
ऊधमपुर जिले के मुत्तल इलाके में स्थित सामोल गांव में भूस्खलन की घटना हुई है। इसमें दो बच्चों की मौत हो गई है। ऊधमपुर प्रशासन ने बताया है कि घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचे और मलबे से शव बरामद किए।
मथुरा के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में भगदड़ से दो श्रद्धालुओं की मौत
मथुरा के वृंदावन बांके बिहारी मंदिर में आरती के दौरान भगदड़ मच गई। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, SSP अभिषेक यादव ने बताया कि मंगला आरती के दौरान मंदिर परिसर में काफी श्रद्धालू मौजूद थे। भीड़ के कारण लोगों की तबियत बिगड़ी जिसमें एक महिला और एक पुरुष श्रद्धालु की मृत्यु हो गई है। कई लोग घायल हैं, उनका इलाज चल रहा है।
मनीष सिसोदिया के खिलाफ दिल्ली में कांग्रेस का प्रदर्शन
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के खिलाफ दिल्ली में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने इस्तीफे की मांग लेकर विरोध प्रदर्शन किया। सीबीआई ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में सिसोदिया से जुड़े ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की थी।